जदयू विधायक दल की बैठक में निशांत को मिलेगा बड़ा पद ! नीरज कुमार का बड़ा खुलासा, शराबबंदी पर भी खूब सुनाया

नीतीश कुमार के खास जदयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने निशांत की पार्टी में भूमिका तय करने को लेकर बड़ा बयान दिया है.

MLC Neeraj Kumar- फोटो : news4nation

Bihar News : जदयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने 20 अप्रैल को प्रस्तावित जदयू विधायक दल की बैठक को लेकर बड़ा संकेत दिया है। उन्होंने कहा कि जब मुख्यमंत्री द्वारा बैठक बुलाई गई है, तो निश्चित तौर पर कोई अहम निर्णय लिया जाएगा। संभावना है कि बैठक में किसी नए फैसले की घोषणा हो सकती है। वहीं नीरज कुमार ने कहा कि पार्टी में निशांत कुमार की क्या भूमिका होगी, यह निर्णय पार्टी या नीतीश कुमार ही तय करेंगे।


शराबबंदी हटाने की मांग पर सख्त रुख

राष्ट्रीय लोक मोर्चा के विधायक द्वारा शराबबंदी कानून हटाने की मांग पर प्रतिक्रिया देते हुए नीरज कुमार ने साफ कहा कि बिहार में शराबबंदी कानून खत्म नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस कानून को देश के प्रधानमंत्री का भी समर्थन प्राप्त है। जो लोग इसे हटाना चाहते हैं, वे पहले अपने परिवार से लिखित समर्थन लेकर आएं।

 

तेजस्वी यादव पर तीखा हमला

तेजस्वी यादव के बयानों पर पलटवार करते हुए नीरज कुमार ने कहा कि “हम ऐसा चेहरा नहीं हैं कि कोर्ट की तरह बुलाया जाए और हम हाजिर हो जाएं।” उन्होंने आरोप लगाया कि तेजस्वी यादव पर लगाए गए सैलरी घोटाले के आरोपों का जवाब अब तक नहीं दिया गया है। मुख्यमंत्री को “सिलेक्टेड” बताए जाने वाले बयान पर भी उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव अपने पिता लालू प्रसाद यादव से पूछें कि जब वे जेल गए थे और राबड़ी देवी को मुख्यमंत्री बनाया गया था, तो वह फैसला “सिलेक्टेड” था या “इलेक्टेड”।


तेजस्वी यादव के इस बयान पर कि सम्राट चौधरी से बिहार नहीं चल पाएगा, नीरज कुमार ने कहा कि बोलने का अधिकार सभी को है, लेकिन क्या बिहार शराब माफियाओं से चलेगा? उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय जनता दल को शराब माफियाओं से चंदा मिला है।


वेतन मुद्दे पर भी किया खंडन

सरकारी कर्मचारियों को वेतन नहीं मिलने के आरोपों पर नीरज कुमार ने कहा कि यह पूरी तरह गलत है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों, डॉक्टरों, पुलिसकर्मियों सभी को वेतन मिला है। मार्च महीने में कुछ प्रशासनिक निर्णयों के कारण कुछ मामलों में देरी हो सकती है, लेकिन इसे मुद्दा बनाना गलत है।