बिहार के बेटे का संकल्प: पटना में नितिन नवीन बोले- 2047 के विकसित भारत का आधार बनेगा हमारा संगठन
पटना पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए 'नेशन फर्स्ट' और 'बूथ से शिखर' तक की यात्रा का मंत्र दिया। उन्होंने पार्टी के संघर्षपूर्ण इतिहास को याद करते हुए 2047 के विकसित भारत के लक्ष्य के लिए सबको एकज
Patna : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्षनितिन नवीन ने पटना में आयोजित भव्य 'अभिनंदन समारोह' के दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन की लोकतांत्रिक शक्ति का लोहा मनवाया । उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि भाजपा एक ऐसा वटवृक्ष है जिसका 'वॉच टावर' इतना मजबूत है कि यहाँ बूथ स्तर पर काम करने वाला एक साधारण व्यक्ति भी अपनी निष्ठा से राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद तक का सफर तय कर सकता है ।
राजनीति में 'शॉर्टकट' के लिए कोई जगह नहीं
युवाओं को मार्गदर्शित करते हुए श्री नवीन ने स्पष्ट किया कि राजनीति कोई स्प्रिंट नहीं बल्कि एक लंबी दौड़ है, जिसमें धैर्य की आवश्यकता होती है । उन्होंने आह्वान किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाखों युवाओं को राजनीति से जोड़ने के सपने को तभी साकार किया जा सकता है, जब युवा बिना किसी शॉर्टकट के पूरे समर्पण के साथ काम करें । उनका लक्ष्य हर पंचायत और ब्लॉक स्तर पर भाजपा का एक सशक्त नेतृत्व खड़ा करना है।
इतिहास की नींव पर टिका है स्वर्णिम भविष्य
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को पार्टी के गौरवशाली इतिहास और पूर्वजों के बलिदान की याद दिलाई । उन्होंने कहा कि जो संस्था अपने इतिहास को भूल जाती है, उसका भविष्य कभी उज्ज्वल नहीं हो सकता । उन्होंने बिहार के उस 'जंगलराज' और अराजकता के दौर का स्मरण कराया जब कार्यकर्ता घर से निकलकर पर्ची बांटने तक से डरते थे, लेकिन भाजपा के निरंतर संघर्ष ने उस अंधेरे को समाप्त किया ।
अंत्योदय और राष्ट्रवाद का वैचारिक संकल्प
पार्टी की विचारधारा को केंद्र में रखते हुए उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्रवाद और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के 'अंत्योदय' सिद्धांतों का उल्लेख किया । उन्होंने कहा कि आज केंद्र और राज्य की सरकारें इन्हीं महापुरुषों के विचारों से प्रेरित होकर समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास की किरणें पहुँचा रही हैं । सेवा भाव को उन्होंने राजनीति का सबसे महत्वपूर्ण सामाजिक आयाम बताया ।
'टीम इंडिया' के रूप में सामूहिक कार्य का मंत्र
संगठन को नई ऊंचाई देने के लिए श्री नवीन ने 'टीम इंडिया' का मंत्र दिया । उन्होंने कहा कि यदि सभी जनप्रतिनिधि, मंत्री और कार्यकर्ता एक टीम के रूप में मिलकर काम करें, तो भारत की वह टीम बनेगी जहाँ हर व्यक्ति की भूमिका निर्णायक होगी । कार्यकर्ताओं को अपना सिद्धांत 'नेशन फर्स्ट, पार्टी नेक्स्ट और सेल्फ लास्ट' रखने का निर्देश देते हुए उन्होंने योजनाओं को जमीन पर उतारने की जिम्मेदारी सौंपी ।
हॉरिजॉन्टल विस्तार के बाद अब 'वर्टिकल' विकास की बारी
संगठन की भविष्य की रणनीति साझा करते हुए उन्होंने चरखे का उदाहरण दिया, जिसमें 'ताना' (Horizontal) और 'बाना' (Vertical) दोनों मिलकर कपड़े को आकार देते हैं । उन्होंने कहा कि भाजपा का देश भर में हॉरिजॉन्टल विस्तार हो चुका है, लेकिन अब समय है वर्टिकल विकास का, जिसमें संगठन में गहराई और नए स्वरूप को विकसित किया जाए । उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अपने क्षेत्र में इतनी मजबूती खड़ी करें कि नेतृत्व स्वयं उभरकर सामने आए ।
विकसित भारत 2047 का साझा लक्ष्य
अंत में, उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'विकसित भारत 2047' के विजन को दोहराया और बिहार के स्वर्णिम भविष्य के लिए एनडीए सरकार की प्रतिबद्धता जताई । उन्होंने कहा कि 'बिहार का बेटा' अध्यक्ष बना है, यह गर्व की बात है, लेकिन यह हर बिहारी कार्यकर्ता पर उतनी ही बड़ी जिम्मेदारी और जवाबदेही भी डालता है । उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं के भरोसे और मेहनत के बल पर ही भाजपा अपना स्वर्णिम दौर देखेगी।