बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन का कल पटना आगमन: 16 जनवरी को 'चूड़ा-दही पॉलिटिक्स' से दिखाएंगे एनडीए की ताकत
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष की कमान संभालने के बाद नितिन नबीन कल पहली बार अपने गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना पहुंच रहे हैं। उनके इस दौरे को लेकर सियासी गलियारों में हलचल तेज है
New Delhi - भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन कल यानी 15 जनवरी को अपने गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना पहुंच रहे हैं। उनके स्वागत के लिए पटना की सड़कों को होर्डिंग्स और झंडों से पाट दिया गया है। कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभालने के बाद यह उनका एक महत्वपूर्ण दौरा है, जिसे उनके आधिकारिक तौर पर 'राष्ट्रीय अध्यक्ष' बनने से पहले की एक बड़ी तैयारी के रूप में देखा जा रहा है।
16 जनवरी: न्यू पटना क्लब में सजेगा 'चूड़ा-दही' का दस्तरखान
मकर संक्रांति के अवसर पर नितिन नबीन ने 16 जनवरी को पटना के न्यू पटना क्लब में एक भव्य 'चूड़ा-दही भोज' का आयोजन किया है। बिहार की राजनीति में मकर संक्रांति पर आयोजित होने वाले ऐसे भोज केवल खान-पान तक सीमित नहीं होते, बल्कि इन्हें बड़े राजनीतिक संदेश (चूड़ा-दही पॉलिटिक्स) के रूप में देखा जाता है।
सीएम नीतीश कुमार समेत एनडीए के दिग्गज होंगे शामिल
इस भोज की सबसे खास बात इसमें शामिल होने वाले मेहमानों की सूची है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ-साथ एनडीए के तमाम वरिष्ठ नेता, केंद्रीय मंत्री और प्रदेश स्तर के पदाधिकारी इस आयोजन का हिस्सा बनेंगे। 2026 में होने वाले राजनीतिक घटनाक्रमों से पहले एनडीए के घटक दलों के बीच समन्वय और एकजुटता दिखाने के लिए यह एक बड़ा मंच साबित होगा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने से पहले 'शक्ति प्रदर्शन'
पार्टी सूत्रों के अनुसार, नितिन नबीन को जल्द ही पूर्णकालिक राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। ऐसे में पटना में हो रहा यह आयोजन उनके बढ़ते कद और बिहार के साथ-साथ केंद्रीय नेतृत्व में उनकी मजबूत पकड़ को दर्शाता है। 15 जनवरी को पटना पहुंचने के बाद वे पार्टी मुख्यालय में नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक भी करेंगे।
रिपोर्ट - धीरज सिंह