BREAKING-Bihar JDU Meeting: नीतीश कुमार ने आज बुलाई जेडीयू की आपात बैठक,सीएम हाउस में विधायकों ,सांसदों ,एमएलसी की मीटिंग, बिहार की सियासत में हलचल तेज
Bihar JDU Meeting: सियासी उथल-पुथल के बीच जदयू ने आज यानी 6 मार्च की शाम 5 बजे मुख्यमंत्री आवास पर अहम बैठक बुलाई है।
Bihar JDU Meeting: बिहार की सियासत इन दिनों जबरदस्त उबाल पर है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले ने पूरे राजनीतिक गलियारे में हलचल मचा दी है। दो दशकों तक सत्ता की धुरी रहे नीतीश कुमार अब पटना की गद्दी छोड़कर दिल्ली की सियासत का रुख करने जा रहे हैं। ऐसे में अब सबसे बड़ा सवाल यही है बिहार की तख्तनशीनी किसे नसीब होगी?
इसी सियासी उथल-पुथल के बीच जदयू ने आज यानी 6 मार्च की शाम 5 बजे मुख्यमंत्री आवास पर अहम बैठक बुलाई है। इस बैठक में पार्टी के सभी विधायक, सांसद और एमएलसी को तलब किया गया है। माना जा रहा है कि यह बैठक बिहार की अगली सत्ता की पटकथा तय कर सकती है।
दरअसल, गुरुवार को नीतीश कुमार ने राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल कर यह साफ कर दिया कि वह अब बिहार की राजनीति से धीरे-धीरे दूरी बनाकर राष्ट्रीय राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। 16 मार्च को राज्यसभा चुनाव की वोटिंग होनी है और सूत्रों के मुताबिक 10 अप्रैल तक वे मुख्यमंत्री पद पर बने रह सकते हैं। लेकिन असली सियासी हलचल इसी बीच तेज हो गई है।
जेडीयू के कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच इस फैसले को लेकर बेचैनी साफ देखी जा रही है। कई लोग इसे सियासी साज़िश करार दे रहे हैं, तो कुछ इसे रणनीतिक चाल बता रहे हैं। सियासत के गलियारों में कानाफूसी है कि बिहार में सत्ता का नया समीकरण तैयार किया जा रहा है, जिसमें मुख्यमंत्री की कुर्सी पर नया चेहरा देखने को मिल सकता है।
अब सबकी नजरें मुख्यमंत्री आवास पर होने वाली जेडीयू की बैठक पर टिकी हैं। यही वह मंच होगा जहां से बिहार की अगली सियासी चाल तय होगी। सवाल अभी भी हवा में तैर रहा है क्या जेडीयू से नया चेहरा उभरेगा या फिर सत्ता की कमान किसी और दल के हाथों में जाएगी? इतना तय है कि बिहार की सियासत में खेल अभी शुरू हुआ है और आने वाले दिनों में कई बड़े उलटफेर देखने को मिल सकते हैं।
रिपोर्ट- नरोत्तम कुमार सिंह