सीएम आवास हुआ छावनी में तब्दील, बढ़ी सुरक्षा, नीतीश के राज्यसभा जाने के फैसले पर जदयू कार्यकर्ताओं में नाराज

बड़ी संख्या में जदयू समर्थक और कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास तथा पार्टी कार्यालय के बाहर जुट गए। एहतियात के तौर पर इलाके में बैरिकेडिंग की गई है और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है

सीएम आवास हुआ छावनी में तब्दील
सीएम आवास हुआ छावनी में तब्दील- फोटो : news4nation

Nitish Kumar :  पटना में मुख्यमंत्री आवास और जदयू कार्यालय के बाहर शुक्रवार को सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा के लिए नामांकन करने के बाद पार्टी के कुछ कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखने को मिल रही है। स्थिति को देखते हुए एक अणे मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास के बाहर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है और पूरे इलाके को लगभग छावनी में तब्दील कर दिया गया है।


जानकारी के अनुसार बड़ी संख्या में जदयू समर्थक और कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास तथा पार्टी कार्यालय के बाहर जुट गए। एहतियात के तौर पर इलाके में बैरिकेडिंग की गई है और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।

मोदी के मुंह पर पोती कालिख

इस दौरान कुछ नाराज कार्यकर्ताओं ने अपना विरोध जताते हुए पटना स्थित जदयू कार्यालय की दीवारों पर बने पोस्टरों पर कालिख पोत दी। पोस्टरों में प्रधानमंत्री Narendra Modi की तस्वीरें भी शामिल थीं। प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं ने भाजपा पर धोखा देने का आरोप लगाया और कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में नीतीश कुमार के नाम पर वोट लेने के बाद अब उन्हें मुख्यमंत्री पद से हटाकर राज्यसभा भेजा जा रहा है।


कार्यकर्ताओं ने नीतीश कुमार से अपने फैसले पर पुनर्विचार करने की मांग भी की और जदयू कार्यालय तथा मुख्यमंत्री आवास के बाहर नारेबाजी की। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन अलर्ट पर है और पूरे इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई है।

राज्यसभा जाना था सपना

दरअसल, गुरुवार को नीतीश कुमार ने अचानक राज्यसभा जाने के फैसले पर सहमति जताते हुए सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया था। उन्होंने लिखा कि विधानसभा, विधान परिषद और लोकसभा के सदस्य रहने के बाद उनकी इच्छा थी कि वे एक बार राज्यसभा भी जाएं और अब उनका यह सपना पूरा होने जा रहा है। बाद में केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah की मौजूदगी में उन्होंने राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल किया। हालांकि इस फैसले के बाद जदयू के एक वर्ग में असंतोष देखा जा रहा है।

नीतीश से मुलाकात 

इधर बिहार में जारी सियासी हलचल के बीच शुक्रवार सुबह उपमुख्यमंत्री Samrat Choudhary और Vijay Sinha ने अलग-अलग समय पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की। राजनीतिक गलियारों में इन मुलाकातों को अहम माना जा रहा है और माना जा रहा है कि बिहार के संभावित नए मुख्यमंत्री और नई सरकार के गठन को लेकर चर्चा हुई होगी।

रंजन की रिपोर्ट