सुपौल को सीएम नीतीश ने दिया बड़ा तोहफा, राज्यसभा जाने के पहले बताया कैसे केंद्र के सहयोग से तेज विकास करेगा बिहार

सुपौल में मुख्यमंत्री ने कुल 213 योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें 434.469 करोड़ रुपये की 84 योजनाओं का शिलान्यास तथा 134.8987 करोड़ रुपये की 129 योजना शामिल है

Nitish Kumar in Supaul- फोटो : news4nation

Nitish Kumar : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी समृद्धि यात्रा के दौरान मंगलवार को सुपौल में 569.36 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने कहा कि बिहार के विकास में केंद्र सरकार का पूरा सहयोग मिल रहा है और राज्य में कई महत्वपूर्ण योजनाओं को मंजूरी दी गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने अपने बजट 2025 में बिहार के लिए कई अहम घोषणाएं की हैं, जिनमें मखाना बोर्ड की स्थापना और नए एयरपोर्ट के विकास जैसी योजनाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।


सुपौल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कुल 213 योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें 434.469 करोड़ रुपये की 84 योजनाओं का शिलान्यास तथा 134.8987 करोड़ रुपये की 129 योजनाओं का उद्घाटन शामिल है। उन्होंने कहा कि जब से राज्य में उनकी सरकार बनी है, तब से बिहार में विकास की गति तेज हुई है।


मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले के समय में विकास कार्य बहुत कम होते थे और कानून-व्यवस्था की स्थिति भी अच्छी नहीं थी। उन्होंने कहा कि अब शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं में काफी सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि ने कहा कि पहले की सरकार में क्या काम होता था? ये सबको पता है। पहले की सरकार में शाम के समय लोग घरों से बाहर नहीं निकल पाते थे। पहले बिजली पानी, पढ़ाई, स्वास्थ्य की क्या व्यवस्था थी। पहले की सरकार में कितना हिंदू-मुस्लिम का झगड़ा होता था। ये सब तो हम सरकार में आए तब खत्म हुआ।


समृद्धि यात्रा के तीसरे चरण के तहत मुख्यमंत्री 10 से 14 मार्च तक सीमांचल और कोसी क्षेत्र के विभिन्न जिलों का दौरा कर रहे हैं। इस क्रम में 11 मार्च को वे किशनगंज और अररिया, 12 मार्च को कटिहार और पूर्णिया, 13 मार्च को सहरसा और खगड़िया तथा 14 मार्च को बेगूसराय और शेखपुरा जाएंगे। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से मधेपुरा के लिए रवाना हो गए, जहां वे रात्रि विश्राम करेंगे।