नीतीश कुमार का उलार सूर्य मंदिर दौरा, 14.99 करोड़ से बदलेगी उलार्क धाम की सूरत

पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दुल्हिन बाजार के ऐतिहासिक उलार्क धाम स्थित सूर्य मंदिर में की पूजा-अर्चना। ₹14.99 करोड़ की लागत से बन रहे भव्य कॉरिडोर, पार्क और गेस्ट हाउस से बदलेगी मंदिर की सूरत।

नीतीश कुमार ने दुल्हिन बाजार के ऐतिहासिक उलार्क धाम स्थित सूर्य मंदिर में की पूजा-अर्चना- फोटो : Reporter

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दुल्हिन बाजार प्रखंड के उलार स्थित ऐतिहासिक सूर्य मंदिर परिसर में धार्मिक दौरा किया। भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उन्होंने भगवान भास्कर (सूर्य देव) की पूजा-अर्चना की और उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर का जायजा भी लिया और वहां मौजूद लोगों से बातचीत की।


सरकार के प्रयासों से बदला उलार्क धाम का स्वरूप

दौरे के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के ऐतिहासिक उलार्क धाम के सर्वांगीण विकास के लिए हमारी सरकार द्वारा कई अनगिनत कार्य किए गए हैं, जिसका परिणाम आज सबके सामने प्रत्यक्ष रूप से दिखाई दे रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस ऐतिहासिक धरोहर की भव्यता और पर्यटकों की सुविधाओं को लेकर सरकार हमेशा प्रतिबद्ध रही है।


14.99 करोड़ की लागत से बनेगा भव्य कॉरिडोर और बुनियादी ढांचा

गौरतलब है कि नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री रहते हुए दुल्हिन बाजार के उलार सूर्य मंदिर को एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने और मंदिर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए 14.99 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई थी। इस राशि से उलार मंदिर को एक भव्य कॉरिडोर से जोड़ा जा रहा है, जिसके तहत मंदिर परिसर में कंपाउंड, पोखरा, नाला, गेस्ट हाउस, मंडप और पार्क जैसी जरूरी सुविधाओं का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। मंदिर के पुजारी अवध बिहारी दास ने बताया कि लगभग एक वर्ष के भीतर मंदिर का यह विकास कार्य पूरी तरह संपन्न हो जाएगा, जिससे धार्मिक पर्यटन को काफी बढ़ावा मिलेगा।


7 मिनट की पूजा-अर्चना के बाद गंतव्य के लिए प्रस्थान

सुरक्षा के कड़े प्रबंधों के बीच नीतीश कुमार ने सुबह 10 बजकर 55 मिनट पर मंदिर परिसर में प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और बिहार की सुख, समृद्धि तथा विकास की मनोकामना मांगी। मंदिर में लगभग 7 मिनट का समय बिताने के बाद, वे सुबह 11 बजकर 2 मिनट पर अपने गंतव्य के लिए प्रस्थान कर गए।

रिपोर्ट - ऋषिकेश कुमार