‘हम गीदड़ भी नहीं, शेर भी नहीं’, बाढ़ में गरजे नीतीश के खास ललन सिंह, मुंगेर की जनता के लिए कर दिया बड़ा ऐलान

मुंगेर के सांसद ने कहा कि युवाओं के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता देते हुए वे अपने सांसद निधि का अधिकाधिक उपयोग युवाओं के लिए करेंगे।

Lalan Singh- फोटो : news4nation

Lalan Singh :  मुंगेर सांसद ललन सिंह ने शुक्रवार को अपने संसदीय क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम के दौरान युवाओं को लेकर बड़े विकासात्मक ऐलान किए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, “हम न तो गीदड़ हैं और न ही शेर हैं, हम जनता के सेवक हैं।” दरअसल, ललन सिंह मुंगेर संसदीय क्षेत्र के बाढ़ के अगवानपुर में आए तो उनके स्वागत में उत्साहित भीड़ ने 'देखो देखो कौन कौन आया शेर आया शेर आया' की नारेबाजी की। इसी पर ललन सिंह ने अपने सम्बोधन में कहा कि वे सिर्फ जनता के सेवक हैं। 


मुंगेर के सांसद ने कहा कि युवाओं के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता देते हुए वे अपने सांसद निधि का अधिकाधिक उपयोग युवाओं के लिए करेंगे। जहां भी आवश्यकता होगी, वहां आधुनिक सुविधाओं से लैस जिम का निर्माण कराया जाएगा, ताकि युवा शारीरिक रूप से सशक्त बन सकें। इसके साथ ही क्षेत्र के पुस्तकालयों को मजबूत करते हुए उनमें कंप्यूटर सहित अन्य आवश्यक डिजिटल सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे युवाओं को अध्ययन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सहूलियत मिले।


कार्यक्रम में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए सांसद ने भरोसा दिलाया कि विकास कार्यों में किसी तरह की कोताही नहीं बरती जाएगी। उन्होंने कहा कि संसाधनों का उपयोग पारदर्शिता और जरूरत के आधार पर किया जाएगा, ताकि उसका सीधा लाभ आम जनता और विशेषकर युवाओं तक पहुंचे।


बाढ़ क्षेत्र में दिए गए इस बयान को युवाओं के लिए सकारात्मक पहल के रूप में देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि इन घोषणाओं के अमल से शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल गतिविधियों को नई गति मिलेगी, जिससे क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित होगा।

बाढ़ से रवि शंकर की रिपोर्ट