Bihar Politics: नीतीश के मंत्री जाएंगे जेल! चुनावी हलफनामे में छिपाया आपराधिक रिकॉर्ड, राजद ने खोली पोल

Bihar Politics: मुकेश रोशन ने यह भी दावा किया कि महुआ और हाजीपुर क्षेत्र में शराब तस्करी के मामलों में मंत्री का संरक्षण प्राप्त है। यहां तक कि 50 हजार रुपये के इनामी एक तस्कर को भी मंत्री का समर्थन मिलने का आरोप लगाया गया।

राजद का बड़ा बयान - फोटो : reporter

Bihar Politics: बिहार सरकार में मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के विधायक संजय सिंह की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। राष्ट्रीय जनता दल के पूर्व विधायक मुकेश रोशन ने मंत्री पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। मुकेश रोशन ने दावा किया कि संजय सिंह के खिलाफ छत्तीसगढ़ की एक अदालत से गिरफ्तारी वारंट जारी है, इसके बावजूद वे बिहार सरकार में मंत्री पद पर बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे में किसी संवैधानिक पद पर बने रहना उचित नहीं है।

बिहार सरकार के मंत्री पर गंभीर आरोप 

RJD नेता ने आरोप लगाया कि लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED) मंत्री संजय कुमार सिंह ने पटना के राजीव नगर इलाके में फर्जी तरीके से जमीन हासिल की। इसके अलावा हाजीपुर में 11 लाख रुपये लेकर फ्लैट नहीं देने का मामला भी सामने आया है, जिसका वीडियो वायरल होने की बात कही गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मंत्री को वारंट की जानकारी होने के बावजूद उन्होंने न्यायालय का सम्मान नहीं किया। साथ ही, चुनावी हलफनामे में मामलों की पूरी जानकारी नहीं देने और शैक्षणिक दस्तावेजों में अनियमितता का भी आरोप लगाया गया है।

शराब तस्करी से जुड़ाव का आरोप

मुकेश रोशन ने यह भी दावा किया कि महुआ और हाजीपुर क्षेत्र में शराब तस्करी के मामलों में मंत्री का संरक्षण प्राप्त है। यहां तक कि 50 हजार रुपये के इनामी एक तस्कर को भी मंत्री का समर्थन मिलने का आरोप लगाया गया। RJD ने मुख्यमंत्री और DGP को इस संबंध में पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही, पिछले तीन महीनों में विभाग में हुई निविदाओं की जांच कराने की भी मांग उठाई गई है।

डीजीपी से की बड़ी मांग 

मुकेश रोशन ने कहा कि अगर इस मामले में कार्रवाई नहीं होती है, तो वे न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे। फिलहाल इन आरोपों पर मंत्री की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मामले में जांच और सरकारी प्रतिक्रिया के बाद ही पूरी सच्चाई स्पष्ट हो सकेगी।

पटना से रंजन की रिपोर्ट