Bihar Politics: 'नीतीश मॉडल ही रहेगा लागू', उपेंद्र कुशवाहा का सीएम के इस्तीफे पर बड़ा बयान, निशांत को लेकर क्या कहा जानिए

Bihar Politics: उपेंद्र कुशवाहा ने सीएम नीतीश के इस्तीफे को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार अब सीएम पद से इस्तीफा देंगे लेकिन आगे भी बिहार में उनके ही मॉडल पर काम होगा।

नीतीश मॉडल पर होगा काम - फोटो : reporter

Bihar Politics: बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर सियासी चर्चाओं के बीच उपेंद्र कुशवाहा ने बड़ा बयान दिया है। महात्मा ज्योतिबा फुले जयंती समारोह में शामिल हुए राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा की सदस्यता ले चुके हैं और अब वे मुख्यमंत्री पद पर नहीं रहेंगे, हालांकि इस्तीफा कब देंगे यह वही तय करेंगे।

नीतीश मॉडल ही रहेगा लागू 

कुशवाहा ने कहा कि जदयू की बैठक के बाद नए नेता का चयन होगा और फिर सरकार गठन की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। उन्होंने यह भी कहा कि “नीतीश मॉडल” ही आगे भी लागू रहेगा और उनके नेतृत्व की दिशा में ही सरकार काम करेगी। एनडीए में खटपट के सवाल पर उन्होंने साफ कहा कि गठबंधन में सब कुछ सामान्य है और किसी तरह का मतभेद नहीं है।

महिलाओं को शिक्षा से जोड़ा 

इस मौके पर उन्होंने ज्योतिबा फुले की जयंती पर माल्यार्पण करते हुए उनके योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि फुले ने समाज के अंतिम पंक्ति के लोगों के लिए काम किया और महिलाओं को शिक्षा से जोड़ने में अहम भूमिका निभाई। उनके प्रयासों से ही महिलाओं को विद्यालय जाने की आजादी मिली। कुशवाहा ने बताया कि वर्ष 2010 में उनके प्रयास से ही बिहार में ज्योतिबा फुले की जयंती को राजकीय समारोह के रूप में मनाने की शुरुआत हुई थी। 

निशांत को लेकर दिया बयान 

उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी फुले के विचारों पर चल रही है और इस वर्ष उनकी 200वीं जयंती पूरे साल मनाई जाएगी। जदयू में निशांत कुमार को मुख्यमंत्री बनाने की उठ रही मांग पर कुशवाहा ने कहा कि यह जदयू का आंतरिक मामला है। उन्होंने यह भी कहा कि नीतीश कुमार के साथ अब सदन में बैठकर सवाल करना “अच्छा लगेगा”, जिससे साफ है कि वे नई राजनीतिक परिस्थिति को लेकर सहज हैं।

पटना से नरोत्तम की रिपोर्ट