Bihar Politics: नीतीश की जदयू का मेगा प्लान, मार्च में संगठन को मिलेगी नई जान, होगा राष्ट्रीय अध्यक्ष पर बड़ा फैसला,जानें क्या है रणनीति
Bihar Politics: बिहार की सत्ताधारी पार्टी जनता दल यूनाइटेड ने अपने संगठन में नया जीवन फूंकने की तैयारी शुरू कर दी है। ....
Bihar Politics: बिहार की सत्ताधारी पार्टी जनता दल यूनाइटेड ने अपने संगठन में नया जीवन फूंकने की तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा ने ऐलान किया कि इस वर्ष मार्च के अंत तक संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। यह लोकतांत्रिक प्रक्रिया जमीनी स्तर यानी ब्लॉक इकाइयों से शुरू होकर जिला, प्रदेश और अंततः राष्ट्रीय स्तर पर संपन्न होगी, जिसके समापन पर राष्ट्रीय अध्यक्ष का चयन किया जाएगा।
वर्चुअल समीक्षा बैठक में संजय कुमार झा ने स्पष्ट किया कि नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का कार्यकाल तीन वर्षों (2025-28) के लिए होगा। उन्होंने संगठन के सभी स्तरों में बदलाव और नई जान फूंकने का भरोसा दिलाया। ब्लॉक से शुरू होने वाले चुनाव जिला और प्रदेश कमेटियों तक जाएंगे और इस पूरी प्रक्रिया का समापन राष्ट्रीय अध्यक्ष के चयन के साथ होगा।
बैठक में सांसदों, विधायकों और जिला प्रभारियों को संगठन की पारदर्शिता और मजबूती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कार्यकर्ताओं को सदस्यता अभियान में तेजी लाने का टारगेट दिया। पार्टी का लक्ष्य इस बार एक करोड़ सदस्यों के जादुई आंकड़े को पार करना है।
संजय झा ने कार्यकर्ताओं को याद दिलाया कि पिछले विधानसभा चुनावों में पार्टी के पक्ष में बना अनुकूल माहौल सदस्यता अभियान और आगामी चुनावों में निर्णायक भूमिका निभा सकता है। पार्टी नेतृत्व ने प्रकोष्ठ प्रमुखों और विधानसभा प्रभारियों को समय सीमा के भीतर लक्ष्य पूरा करने की हिदायत दी।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, समय पर संगठनात्मक चुनाव से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह पैदा होगा। नए पदाधिकारियों के चयन के साथ ही जनता दल यूनाइटेड आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए पूरी तरह तैयार दिखेगी। संगठन के भीतर लोकतांत्रिक और पारदर्शी चुनाव के माध्यम से न केवल पदाधिकारियों का चयन होगा, बल्कि कार्यकर्ताओं में जोश और प्रतिबद्धता भी बढ़ेगी।
इस पूरी प्रक्रिया का उद्देश्य साफ है जनता दल यूनाइटेड को मजबूत संगठनात्मक ढांचे के साथ तैयार करना और आगामी चुनावों में प्रभावशाली प्रदर्शन सुनिश्चित करना। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि नए उत्साह और मजबूत संगठन के सहारे जनता दल यूनाइटेड बिहार की राजनीति में अपनी पकड़ और भी सुदृढ़ कर सकेगी।