Bihar Politics: नीतीश राज्यसभा जाएंगे, बनाए जा सकते हैं उपसभापति

Bihar Politics: राज्यसभा उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह को लगातार तीसरी बार उच्च सदन में नहीं जाने से चर्चा है कि राज्यसभा के उपसभापति नीतीश कुमार को बिठाया जा सकता है।..

नीतीश बनेंगे राज्यसभा के उपसभापति!- फोटो : reporter

Bihar Politics: बिहार की सियासत में लंबे वक्त से जारी कयासों पर अब विराम लग गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने  राज्यसभा के लिए पर्चा भर दिया है। इसके साथ ही पटना से दिल्ली तक सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं।

ट्वीट कर अपने संदेश में नीतीश कुमार ने लिखा कि पिछले दो दशक से अधिक समय से जनता ने उन पर जो भरोसा कायम रखा, उसी के बल पर उन्होंने बिहार की सेवा की। उन्होंने यह भी दोहराया कि संसदीय जीवन की शुरुआत से ही उनकी इच्छा रही है कि वे बिहार विधानमंडल के दोनों सदनों के साथ-साथ संसद के दोनों सदनों के सदस्य बनें।

इधर जदयू राज्यसभा उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह को लगातार तीसरी बार उच्च सदन में नहीं भेजेगी। ऐसे में उपसभापति की कुर्सी खाली होगी और सियासी गलियारों में चर्चा है कि इस पद पर स्वयं नीतीश कुमार को बिठाया जा सकता है।

वहीं ‘भारत रत्न’ कर्पूरी ठाकुर के पुत्र और केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर को दोबारा राज्यसभा भेजे जाने की तैयारी है, जिससे जदयू के अंदरूनी समीकरण भी बदलते नजर आ रहे हैं।

बिहार में मुख्यमंत्री पद को लेकर भी अटकलों का बाज़ार गर्म है। विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार का नाम प्रमुखता से उभर रहा है। उनके लंबे राजनीतिक अनुभव, जातीय संतुलन और सौम्य व्यवहार को उनके पक्ष में मजबूत तर्क माना जा रहा है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह केवल पद परिवर्तन नहीं, बल्कि सत्ता संतुलन की नई पटकथा है। नीतीश का दिल्ली जाना और पटना में नई कमान का गठन, बिहार की राजनीति में एक युगांत और नए अध्याय की शुरुआत साबित हो सकता है। अब सबकी निगाहें इस पर टिकी हैं कि अंतिम फैसला किस दिशा में जाता है और सत्ता की बिसात पर अगली चाल क्या होगी