Patna Traffic: 2 लाख वाहन मालिक हो जाएं सावधान, अब नहीं बचेंगे ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले, 35 हजार RC ब्लैकलिस्ट, जान लीजिए क्यों!आपका भी आ सकता है नंबर

Patna Traffic: बिहार में ट्रैफिक नियमों की अनदेखी अब वाहन चालकों पर भारी पड़ने वाली है।...

अब नहीं बचेंगे ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले- फोटो : reporter

Patna Traffic: बिहार में ट्रैफिक नियमों की अनदेखी अब वाहन चालकों पर भारी पड़ने वाली है। लगातार ई-चालान की रकम जमा नहीं करने वालों के खिलाफ परिवहन विभाग ने सख्त कार्रवाई का बिगुल फूंक दिया है। राज्यभर में दो लाख से अधिक ई-चालान लंबित हैं और अब ऐसे वाहन मालिकों की आरसी (रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट) ब्लैकलिस्ट की जा रही है। साफ कर दिया गया है कि ब्लैकलिस्टेड वाहन अगर सड़क पर चलते हुए पकड़े गए तो उन्हें तुरंत जब्त किया जाएगा।

परिवहन विभाग ने ऐसे वाहनों की सूची ट्रैफिक पुलिस को सौंप दी है, ताकि अभियान चलाकर कार्रवाई की जा सके। राजधानी पटना में अब तक 35 हजार वाहनों की आरसी ब्लैकलिस्ट की जा चुकी है। वहीं, राज्य के करीब एक लाख और वाहनों को ब्लैकलिस्ट करने की तैयारी चल रही है। इसके लिए जिला-वार सूची अंतिम चरण में है।

विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, जिन वाहन मालिकों ने बार-बार नोटिस मिलने के बावजूद ई-चालान का भुगतान नहीं किया, उनके खिलाफ यह कार्रवाई की गई है। कई ऐसे वाहन भी हैं, जिन पर पिछले सात से आठ वर्षों से चालान लंबित हैं। इनमें कई वाहनों पर पांच या उससे अधिक ई-चालान बकाया हैं। चेतावनी और नोटिस के बावजूद जुर्माना जमा नहीं होने पर जिला परिवहन पदाधिकारियों ने दो चरणों में उनकी आरसी को ब्लैकलिस्ट कर दिया।

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि पटना में ब्लैकलिस्ट किए गए 35 हजार वाहनों में लगभग 29 हजार दोपहिया वाहन शामिल हैं। इन पर हेलमेट नहीं पहनने, गलत दिशा में वाहन चलाने, पीछे बैठे व्यक्ति के हेलमेट नहीं लगाने, ओवरस्पीडिंग, रेड सिग्नल तोड़ने और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन के मामले में ई-चालान जारी किए गए थे।

परिवहन विभाग का कहना है कि यह अभियान सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के लिए चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने वाहन मालिकों से अपील की है कि वे अपने लंबित ई-चालान का जल्द भुगतान करें, अन्यथा न सिर्फ उनकी आरसी ब्लैकलिस्ट रहेगी, बल्कि सड़क पर वाहन मिलने पर जब्ती जैसी सख्त कार्रवाई का भी सामना करना पड़ सकता है।