Patna Police Checking: आधी रात पटना जंक्शन पर DSP का औचक निरीक्षण, ड्यूटी में लापरवाही पर सख्त चेतावनी, पुलिसकर्मियों को अनुशासन की सीख
Patna Police Checking: राजधानी के सबसे संवेदनशील रेलवे स्टेशनों में शुमार पटना जंक्शन पर सोमवार देर रात उस वक्त पुलिस महकमे में हलचल मच गई, जब रेल डीएसपी कामाख्या नारायण सिंह ने रात करीब 12 बजे औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। बिना किसी पूर्व सूचना के पहुंचे डीएसपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों, एएसआई और होमगार्ड के जवानों की कार्यशैली को बारीकी से परखा और लापरवाही मिलने पर मौके पर ही सख्त हिदायत दी।
निरीक्षण के दौरान डीएसपी ने सबसे पहले जवानों को आम यात्रियों के साथ शालीन और सम्मानजनक व्यवहार करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पुलिस की पहचान उसके व्यवहार और अनुशासन से होती है, इसलिए हर यात्री के साथ संवेदनशीलता और पेशेवर अंदाज में पेश आया जाए।
जांच के दौरान कुछ होमगार्ड जवानों को ड्यूटी के दौरान हथियार अलग रखकर चाय पीते देखा गया। इस पर डीएसपी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए साफ कहा कि ड्यूटी के दौरान हथियारों के प्रति किसी भी तरह की लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि सुरक्षा ड्यूटी के समय हथियार हमेशा अपने नियंत्रण में रखें और सतर्कता में कोई कोताही न बरती जाए।
डीएसपी ने मौके पर मौजूद एएसआई को भी फटकार लगाते हुए कहा कि अधीनस्थ जवानों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखना उनकी जिम्मेदारी है। यदि भविष्य में इस तरह की लापरवाही दोबारा सामने आई तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ भी सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान पटना जंक्शन से आने-जाने वाले यात्रियों पर विशेष नजर रखने, संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच करने तथा स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने का निर्देश भी दिया गया। उन्होंने कहा कि पटना जंक्शन अत्यंत संवेदनशील स्थल है, इसलिए यहां तैनात प्रत्येक पुलिसकर्मी को पूरी मुस्तैदी और जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी निभानी होगी।
डीएसपी के इस औचक निरीक्षण के बाद पुलिसकर्मियों में सतर्कता बढ़ गई है। माना जा रहा है कि आगे भी इस तरह के अचानक निरीक्षण जारी रहेंगे, ताकि सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की ढिलाई की गुंजाइश न रहे।
रिपोर्ट- रंजीत कुमार