अब आमजन भी बनेंगे सड़क सुरक्षा के प्रहरी: नियम तोड़ने वालों का फोटो-वीडियो भेजें, विभाग करेगा सीधी कार्रवाई

Bihar News : परिवहन विभाग ने एक अनूठी पहल की शुरुआत की है। अब राज्य का हर आम नागरिक सड़क सुरक्षा का प्रहरी बनकर यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों के खिलाफ कार्रवाई में अपनी सीधी भागीदारी निभा सकेगा...

Patna : बिहार में सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने और यातायात नियमों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग ने एक अनूठी पहल की शुरुआत की है। अब राज्य का हर आम नागरिक सड़क सुरक्षा का प्रहरी बनकर यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों के खिलाफ कार्रवाई में अपनी सीधी भागीदारी निभा सकेगा। इसके लिए परिवहन विभाग ने एक विशेष वाट्सएप नंबर 9153971897 और ई-मेल आईडी commandcontrolecenterbihar@gmail.com जारी किया है, जिस पर लोग सीधे अपनी शिकायतें दर्ज करा सकेंगे।


ओवरस्पीडिंग और बिना हेलमेट चलने वालों की अब खैर नहीं

विभाग द्वारा जारी इस वाट्सएप नंबर और ईमेल पर कोई भी नागरिक सड़क पर होने वाले यातायात उल्लंघनों की तस्वीरें या वीडियो साक्ष्य के तौर पर भेज सकता है। इसके तहत ओवरस्पीडिंग (तय सीमा से तेज गाड़ी चलाना), बिना हेलमेट वाहन चलाना, सीट बेल्ट का उपयोग न करना, बाइक पर तीन सवारी (ट्रिपल लोडिंग), गलत दिशा (रॉन्ग साइड) में गाड़ी चलाना, वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग करना और रैश ड्राइविंग (खतरनाक तरीके से गाड़ी चलाना) जैसी मनमानियों से संबंधित शिकायतें भेजी जा सकती हैं।


गाड़ी के नंबर का होगा सत्यापन, मोटर वाहन अधिनियम के तहत कटेगा चालान

परिवहन सचिव श्री राज कुमार ने बताया कि इस नई व्यवस्था के तहत आम जनता से प्राप्त फोटो और वीडियो के आधार पर सबसे पहले वाहन संख्या और घटना से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों का बारीकी से सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद दोषी वाहन मालिक और चालक के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम (मोटर व्हीकल एक्ट) की सुसंगत धाराओं के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


शिकायतकर्ता की पहचान रहेगी पूरी तरह गुप्त

इस योजना की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि नियम तोड़ने वालों की शिकायत करने वाले जागरूक नागरिकों की सुरक्षा का पूरा ख्याल रखा जाएगा। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि सूचना या वीडियो देने वाले शिकायतकर्ता की पहचान को पूरी तरह से गोपनीय रखा जाएगा, जिससे आम लोग बिना किसी हिचकिचाहट या डर के सड़क पर होने वाली लापरवाहियों की रिपोर्ट विभाग को कर सकें।


सुरक्षित बिहार के निर्माण के लिए परिवहन सचिव ने की अपील

परिवहन सचिव ने जोर देकर कहा कि सड़क सुरक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए जनता की भागीदारी अनिवार्य है। उन्होंने आमजन से अपील की है कि एक जिम्मेदार नागरिक का फर्ज निभाते हुए सड़क पर किसी भी प्रकार के यातायात उल्लंघन की जानकारी विभाग से साझा करें। साथ ही, उन्होंने लोगों से खुद भी यातायात नियमों का पूरी निष्ठा से पालन करने का आग्रह किया ताकि एक सुरक्षित और दुर्घटनामुक्त बिहार का निर्माण किया जा सके।


धीरज की रिपोर्ट