अब 41 टोल प्लाजों पर ई-डिटेक्शन सिस्टम लागू, ऑनलाइन कटेगा चालान

पुर्व में राज्य के 31 टोल प्लाजों पर ई-डिटेक्शन सिस्टम के माध्यम से ऑनलाइन ई-चालान की थी व्यवस्था।वाहनों का फिटनेस, इन्श्योरेंस और पॉल्यूशन सर्टिफिकेट अप-टू-डेट नहीं होने पर टोल प्लाजा गुजरते ही ऑटोमेटिक कट जायेगा ई चालान।

अब 41 टोल प्लाजों पर ई-डिटेक्शन सिस्टम लागू, ऑनलाइन कटेगा चालान - फोटो : news 4 nation

बिहार परिवहन विभाग ने सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। अब राज्य के कुल 41 टोल प्लाजों पर अत्याधुनिक ई-डिटेक्शन सिस्टम के माध्यम से ऑनलाइन ई-चालान की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यह व्यवस्था उन वाहनों पर नकेल कसेगी जो बिना वैध दस्तावेजों के सड़कों पर दौड़ रहे हैं।

31 से बढ़कर 41 हुई टोल प्लाजों की संख्या

परिवहन सचिव श्री राज कुमार के अनुसार, पूर्व में यह व्यवस्था केवल 31 टोल प्लाजों पर प्रभावी थी। इसके सफल परिणामों और प्रवर्तन व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से अब इसमें 10 अतिरिक्त टोल प्लाजों को जोड़ा गया है। इस विस्तार से पूरे राज्य में यातायात नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करना आसान हो जाएगा।

दस्तावेज अधूरे होने पर ऑटोमेटिक कटेगा जुर्माना

इस सिस्टम की सबसे बड़ी विशेषता इसकी ऑटोमेटिक कार्यप्रणाली है। जैसे ही कोई वाहन टोल प्लाजा से गुजरेगा, कैमरे उसके नंबर प्लेट और फास्टैग को स्कैन कर लेंगे। यदि वाहन का फिटनेस, इंश्योरेंस या पॉल्यूशन सर्टिफिकेट (PUCC) अप-टू-डेट नहीं पाया जाता है, तो NIC के केंद्रीय डेटाबेस से मिलान कर तुरंत ई-चालान काट दिया जाएगा।

परिवहन सचिव की वाहन मालिकों से अपील

परिवहन सचिव ने सभी वाहन मालिकों से अपील की है कि वे भारी जुर्माने और कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए अपने वाहनों के सभी आवश्यक दस्तावेज समय पर नवीनीकृत (Renew) करा लें। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना फिटनेस और प्रदूषण जांच के वाहन चलाना सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है, जिसे रोकने के लिए यह तकनीक-आधारित सख्ती की जा रही है।