भाजपा प्रत्याशी अभिषेक सिन्हा बंटी को सुभासपा का समर्थन, बांकीपुर विधानसभा उप चुनाव में मिलेगा फायदा
बांकीपुर विधानसभा उप चुनाव में एनडीए की मजबूती और ज्यादा हो गई है. भाजपा को उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री ओमप्रकाश राजभर की पार्टी ने समर्थन देने का ऐलान किया है.
Bankipur : सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार अभिषेक सिन्हा बंटी को समर्थन देने की घोषणा की है। किदवईपुरी स्थित प्रदेश कार्यालय में शुक्रवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सह बिहार प्रदेश संगठन प्रभारी डा. शशि भूषण प्रसाद व प्रदेश अध्यक्ष उदयनारायण राजभर ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सुभासपा राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) का हिस्सा है।
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री ओमप्रकाश राजभर के निर्देश पर बिहार में भी एनडीए प्रत्याशी को समर्थन देने के लिए घर घर संपर्क करने का निर्णय लिया गया है।डा. शशि भूषण प्रसाद ने कहा कि बांकीपुर विधानसभा सीट पर पिछले लगभग 30 वर्षों से भाजपा का वर्चस्व रहा है।
उन्होंने कहा कि एनडीए के सहयोगी दल होने के नाते सुभासपा के सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भाजपा प्रत्याशी अभिषेक कुमार बंटी की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी सक्रियता के साथ चुनाव प्रचार में भाग लें।पार्टी की ओर से अरुण सिन्हा को रोगी कल्याण समिति का अध्यक्ष बनाने की घोषणा भी की है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि एनडीए प्रत्याशी को जनता का व्यापक समर्थन मिलेगा और बांकीपुर उपचुनाव में उनकी जीत सुनिश्चित होगी।