टिकट के लिए लाइन में लगने का टेंशन खत्म, बिहार में एक कार्ड से बस-मेट्रो-रेल का कर सकेंगे सफर, जानिए नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड की खासियत

Bihar NCMC: बिहार में सार्वजनिक परिवहन की तस्वीर जल्द बदलने वाली है। राज्य में नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (NCMC) लागू करने की तैयारी शुरू हो गई है।...

टिकट के लिए लाइन में लगने का टेंशन खत्म- फोटो : social Media

Bihar NCMC: बिहार में सार्वजनिक परिवहन की तस्वीर जल्द बदलने वाली है। राज्य में नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (NCMC) लागू करने की तैयारी शुरू हो गई है। इसके बाद यात्रियों को एसी-डीलक्स बस, पटना मेट्रो और रेल यात्रा के लिए अलग-अलग टिकट या कार्ड रखने की जरूरत नहीं पड़ेगी। एक ही कार्ड से कई परिवहन माध्यमों में यात्रा और डिजिटल भुगतान की सुविधा मिल सकेगी।

परिवहन विभाग ने इस दिशा में प्रक्रिया तेज कर दी है। विभाग के सचिव राजकुमार ने अधिकारियों को NCMC से संबंधित प्रस्ताव जल्द तैयार करने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही कार्ड व्यवस्था लागू करने के लिए वेंडर की तलाश भी शुरू कर दी गई है। देश के कई राज्यों, जिनमें उत्तर प्रदेश और दिल्ली शामिल हैं, वहां इस तरह की व्यवस्था पहले से संचालित है।

NCMC की खासियत इसकी इंटरऑपरेबिलिटी होगी। बिहार में जारी कार्ड का इस्तेमाल दूसरे राज्यों के सार्वजनिक परिवहन में भी किया जा सकेगा। यानी बिहार का यात्री दिल्ली, लखनऊ या मुंबई जाने पर वहां अलग मेट्रो कार्ड या बस टिकट लेने की परेशानी से बच सकता है। टोल भुगतान में भी कार्ड के इस्तेमाल की सुविधा उपलब्ध कराए जाने की योजना है।

यह कार्ड रुपे कार्ड की तरह काम करेगा। यात्री बस या मेट्रो में लगी मशीन पर कार्ड टच कर डिजिटल भुगतान कर सकेंगे। इससे टिकट काउंटर पर लगने वाली लंबी कतारों से राहत मिलने की उम्मीद है। कार्ड को UPI के जरिए रिचार्ज करने की सुविधा भी उपलब्ध होगी।

इसके साथ ही परिवहन विभाग ‘व्हेयर इज माय बस’ एप विकसित करने की तैयारी कर रहा है। यह एप ‘व्हेयर इज माय ट्रेन’ की तर्ज पर काम करेगा। यात्री मोबाइल पर बस की लाइव लोकेशन और उसके संभावित पहुंचने का समय देख सकेंगे।इस सुविधा का फायदा यात्रियों के साथ उन्हें लेने आने वाले स्वजनों को भी मिलेगा। बस की लोकेशन पहले से पता होने पर बस अड्डों पर अनावश्यक भीड़ और इंतजार कम होगा। विभाग का मानना है कि NCMC और लाइव बस ट्रैकिंग जैसी डिजिटल सुविधाओं से बिहार की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था अधिक सुविधाजनक, तेज और आधुनिक बनेगी।