Bihar Sugar Price: चीनी की बढ़ती कीमत पर कटिहार में अलर्ट, कालाबाजारी रोकने को निगरानी सख्त

Bihar Sugar Price:बढ़ती कीमतों का फायदा उठाकर मुनाफाखोरी करने की कोशिशों को देखते हुए कटिहार जिला प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है।...

Sugar Prices Rise Katihar
चीनी की बढ़ती कीमत पर अलर्ट- फोटो : reporter

Bihar Sugar Price: देशभर में चीनी की बढ़ती कीमतों के बीच अब इसकी जमाखोरी और कालाबाजारी की आशंका भी बढ़ने लगी है। बढ़ती कीमतों का फायदा उठाकर मुनाफाखोरी करने की कोशिशों को देखते हुए कटिहार जिला प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। जिला पदाधिकारी ने आपूर्ति विभाग को चीनी के कारोबार पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया है।

कटिहार में सफेद चीनी की संभावित कालाबाजारी को लेकर प्रशासन ने आपूर्ति पदाधिकारियों को बाजार की गतिविधियों पर पैनी नजर रखने को कहा है। प्रशासन यह सुनिश्चित करना चाहता है कि बढ़ती कीमतों के बीच व्यापारी अनावश्यक रूप से चीनी का स्टॉक जमा कर कृत्रिम कमी पैदा न करें और उपभोक्ताओं से मनमाने दाम नहीं वसूलें।

रक्षाबंधन जैसे प्रमुख त्योहार से पहले चीनी की कीमतों में बढ़ोतरी ने मिठाई कारोबारियों की परेशानी भी बढ़ा दी है। मिठाई बनाने में चीनी की बड़ी खपत होती है और कीमत बढ़ने का सीधा असर उत्पादन लागत पर पड़ता है। ऐसे में कारोबारी एक तरफ बढ़ती लागत से परेशान हैं, तो दूसरी तरफ बाजार में आगे कीमतों को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है।

जिला प्रशासन की नजर अब खास तौर पर उन कारोबारियों पर रहेगी, जो बढ़ती कीमतों का फायदा उठाकर बड़े पैमाने पर चीनी का भंडारण कर सकते हैं। आपूर्ति विभाग को बाजार में उपलब्ध स्टॉक, बिक्री और कीमतों की स्थिति की निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।प्रशासन का मकसद त्योहार के दौरान चीनी की कृत्रिम कमी और अवैध मुनाफाखोरी पर रोक लगाना है। अगर जांच के दौरान किसी व्यापारी द्वारा जमाखोरी या कालाबाजारी किए जाने की पुष्टि होती है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।फिलहाल कटिहार प्रशासन ने चीनी के बाजार को लेकर निगरानी बढ़ा दी है। आने वाले दिनों में आपूर्ति विभाग की जांच और बाजार की वास्तविक स्थिति से साफ होगा कि बढ़ती कीमतों के पीछे बाजार की सामान्य परिस्थितियां हैं या कहीं जमाखोरी और कालाबाजारी का खेल भी चल रहा है।

रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह