पीएमसीएच में ओपीडी सेवा बंद, जूनियर डॉक्टरों ने रोका काम, मरीजों में मचा कोहराम

जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन, पीएमसीएच की ओर से जारी प्रेस रिलीज़ में ओपीडी सेवा बंद करने के पीछे चार प्रमुख मुद्दों का हवाला दिया गया है। इसके तहत 26 सितंबर से अगले आदेश तक ओपीडी सेवाएं बंद रहेंगी

OPD services closed at PMCH - फोटो : news4nation

Bihar News : पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल यानी पीएमसीएच में जूनियर डॉक्टरों ने शनिवार से ओपीडी सेवाओं को बंद करने का ऐलान किया है। जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन के मुताबिक, 26 सितंबर 2026 से अगले आदेश तक ओपीडी सेवा स्थगित रहेगी।हालांकि इमरजेंसी, आईसीयू और अन्य जरूरी जीवनरक्षक सेवाएं जारी रहेंगी।


जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन, पीएमसीएच की ओर से जारी प्रेस रिलीज़ में ओपीडी सेवा बंद करने के पीछे चार प्रमुख मुद्दों का हवाला दिया गया है। पहला मुद्दा डॉक्टरों के साथ हिंसा का है। एसोसिएशन ने डीएमसीएच और पीएमसीएच में हालिया हमलों को लेकर तत्काल कार्रवाई, संस्थागत एफआईआर और प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है।


साथ ही सहरसा के डॉक्टरों से जुड़ा मामला भी पीएमसीएच के जूनियर डॉक्टरों ने उठाया है। एसोसिएशन ने डॉ. सुशील कुमार आजाद और डॉ. रोशन लाल के खिलाफ हुई कार्रवाई की निष्पक्ष समीक्षा की मांग की है। तीसरे मुद्दे में बॉन्ड पोस्टेड डॉक्टरों के वेतन, उचित पदनाम और पारिश्रमिक में संशोधन की मांग की गई है।


वहीं चौथे मुद्दे के तौर पर एनओसी पॉलिसी में बदलाव की मांग की गई है। एसोसिएशन ने स्वास्थ्य विभाग के 5 जून 2026 के संकल्प संख्या 3/विविध-01-19/2026 में मौजूद प्रतिबंधात्मक प्रावधानों में संशोधन की मांग की है। जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन ने स्वास्थ्य विभाग से इन मांगों पर तत्काल बातचीत और समयबद्ध कार्रवाई की अपील की है।


हालांकि जूनियर डॉक्टरो के ओपीडी सेवाओं को बंद करने के ऐलान के बाद भी फिलहाल इमरजेंसी, आईसीयू और अन्य जरूरी जीवनरक्षक सेवाएं जारी रखने की बात कही गई है।   


पटना से अनिल की रिपोर्ट