Bihar Crime: बेटे ने पिता और दो बहनों को जिंदा जलाया, दो लोगों की मौत से इलाके में मातम
Bihar Crime:एक घर में लगी आग में तीन लोग बुरी तरह झुलस गए।...
Bihar Crime: औरंगाबाद के रफीगंज प्रखंड के कासमा थाना क्षेत्र स्थित मियांबिगहा गांव में पारिवारिक कलह ने खौफनाक रूप ले लिया। बीती रात एक घर में लगी आग में तीन लोग बुरी तरह झुलस गए। इलाज के दौरान दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवती की हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतकों में 50 वर्षीय मोहम्मद सलीम और उनकी साले की 18 वर्षीय बेटी आफरीन परवीन शामिल हैं। वहीं 16 वर्षीय चांदनी परवीन गंभीर रूप से घायल है।
घटना की खबर मिलते ही कासमा थाना पुलिस और अग्निशमन दस्ते की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस ने तीनों झुलसे लोगों को रफीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने हालत नाजुक देखते हुए सदर अस्पताल, औरंगाबाद रेफर कर दिया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को गया स्थित मगध मेडिकल अस्पताल भेजा गया। इलाज के दौरान सलीम और आफरीन ने दम तोड़ दिया।बताया जा रहा है कि आफरीन और चांदनी करीब पांच-छह वर्षों से अपने फूफा मोहम्मद सलीम के घर रह रही थीं। ग्रामीणों के अनुसार, इसी बात को लेकर सलीम और उनके बड़े बेटे इश्तेखार के बीच लंबे समय से तनातनी चल रही थी। ग्रामीण शदाब आलम ने आरोप लगाया कि पारिवारिक कलह के चलते इश्तेखार ने ही घर में आग लगा दी।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-2 आदित्य कुमार ने दो लोगों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि सलीम अपने साले की दोनों बेटियों को घर में रखे हुए थे और इसी को लेकर पिता-पुत्र के बीच विवाद की बात सामने आई है। हालांकि आग किस परिस्थिति में लगी और इसके पीछे वास्तविक वजह क्या थी, इसकी पुलिस जांच कर रही है। पुलिस घटना की पूरी कड़ी जोड़ने और आरोपों की सत्यता की पड़ताल में जुटी है।
रिपोर्ट-दीनानाथ