Bihar News : ओपन माइंड्स ए बिरला स्कूल दानापुर में देशभक्ति कार्यक्रम का हुआ आयोजन, NCC कैडेट्स ने दिया राष्ट्रीय एकता और अनुशासन का संदेश

Bihar News : हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत ओपन माइंड्स अ बिरला स्कूल, दानापुर में बुधवार को एनसीसी विद्यार्थियों ने देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किया. जहाँ उन्होंने राष्ट्रीय एकता और अनुशासन का संदेश दिया.....पढ़िए आगे

राष्ट्रभक्ति का संदेश - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : केंद्र सरकार के देशव्यापी 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत बुधवार को दानापुर स्थित ओपन माइंड्स अ बिरला स्कूल में एनसीसी (NCC) कैडेट्स द्वारा देशभक्ति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान एनसीसी विद्यार्थियों ने भारत माता की जय और राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत गगनभेदी नारे लगाकर राष्ट्रीय एकता, अखंडता और अनुशासन का संदेश दिया। विद्यार्थियों के इस अभूतपूर्व जोश और उत्साह से पूरा विद्यालय परिसर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य पलजिंदर पाल ने विद्यार्थियों को राष्ट्रप्रेम और जीवन में अनुशासन के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं में देश के प्रति समर्पण की भावना मजबूत होती है। वहीं उप-प्रधानाचार्य पूनम पांडेय ने भी कैडेट्स का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में सामाजिक कर्तव्यों और जिम्मेदारियों के प्रति सदैव सजग एवं जागरूक रहने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम के दौरान खेल विभाग के एएनओ (ANO) करणधीर शर्मा और एनसीसी मुख्यालय से पहुंचे अधिकारी बसंत कुमार पांडेय ने उपस्थित रहकर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन और उत्साहवर्धन किया। अतिथियों और शिक्षकों के संबोधन के बाद एनसीसी कैडेट्स ने एक स्वर में देश की संप्रभुता, एकता और अखंडता को हर परिस्थिति में बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया।

आयोजन का मुख्य उद्देश्य 'हर घर तिरंगा' अभियान के माध्यम से भावी पीढ़ी और छात्र-छात्राओं के भीतर राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, अनुशासन, परस्पर सहयोग और देशप्रेम की भावना को और अधिक प्रगाढ़ करना था। कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और अभिभावकों ने एनसीसी कैडेट्स के प्रयासों की मुक्तकंठ से सराहना की।