बांकीपुर उपचुनाव में पीके की जीत पर विपक्ष का बीजेपी पर तंज, कहा-भाजपा के बुरे दिनों की हो चुकी है शुरुआत

बांकीपुर उपचुनाव में बीजेपी की हार के बाद विपक्ष हमलावर हो गया है। राजद और कांग्रेस ने कहा है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा सीट छोड़े जाने के बाद आया यह परिणाम स्पष्ट संदेश देता है कि अब सत्ता पक्ष के जाने के दिन शुरू हो गए हैं....

विपक्ष का बीजेपी पर तंज- फोटो : रंजन कुमार

Patna : बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के नतीजों में बड़ा उलटफेर हुआ है। जन सुराज पार्टी के संस्थापक और उम्मीदवार प्रशांत किशोर ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) के उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा 18953 वोटो से मात देते हुए भाजपा का अभेद किला माने जाने वाली बांकीपुर सीट पर कब्जा कर लिया है। दशकों से भाजपा का अभेद्य किला मानी जाने वाली बांकीपुर सीट पर प्रशांत किशोर की इस जीत ने राजनीतिक गलियारों में सभी को चौंका दिया है। इस करारी हार के बाद विपक्षी दलों ने हमला बोलते हुए दावा किया है कि राज्य में भाजपा के बुरे दिनों की शुरुआत हो चुकी है।


डबल इंजन सरकार के बावजूद मिली हार: राजद सांसद मीसा भारती 

बांकीपुर के नतीजों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की सांसद मीसा भारती ने प्रशांत किशोर को जीत की बधाई दी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि प्रदेश में डबल इंजन की सरकार होने के बावजूद भाजपा अपने उस गढ़ को नहीं बचा सकी, जहां वह लगातार चुनाव जीतती आ रही थी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा सीट छोड़े जाने के बाद आया यह परिणाम स्पष्ट संदेश देता है कि अब सत्ता पक्ष के जाने के दिन शुरू हो गए हैं।


कानून-व्यवस्था और अहंकारी रवैये के खिलाफ फैसला: मंगनी लाल मंडल 

बिहार राजद के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने उपचुनाव के नतीजे को राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ जनता का जनादेश बताया। उन्होंने कहा कि यह परिणाम बिहार में लगातार बिगड़ती कानून-व्यवस्था और सत्तासीन सरकार के अहंकारी कामकाज के तरीकों के खिलाफ जनता के आक्रोश को दर्शाता है। जनता ने अपने मत के माध्यम से भाजपा और उसकी नीतियों के प्रति अपनी नाराजगी साफ तौर पर जाहिर कर दी है।


बदलाव के लिए पटना की जनता ने दिया वोट: कांग्रेस नेताओं का प्रहार 

कांग्रेस सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि पटना की जनता भाजपा के शासन से तंग आ चुकी थी और बदलाव की तलाश में थी, ऐसे में विकल्प के रूप में प्रशांत किशोर को पाकर लोगों ने उन्हें अपना कीमती वोट दिया। वहीं, उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 'मेरा बूथ, मेरा गौरव' जैसे बड़े दावे करते थे, लेकिन अपनी ही सीट और बूथ को नहीं बचा सके। उन्होंने कहा कि देश भर में भाजपा की स्थिति लगातार दयनीय होती जा रही है।


हार पर ईवीएम को दोष नहीं देंगेकरेंगे समीक्षा: संजय सरावगी 

दूसरी तरफ, बांकीपुर में मिली अप्रत्याशित हार पर बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि पार्टी जनादेश को सिर झुकाकर स्वीकार करती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में जनता का फैसला ही सर्वोपरि होता है। भाजपा विपक्षी दलों की तरह हार का ठीकरा ईवीएम, चुनाव आयोग या संवैधानिक संस्थाओं पर नहीं फोड़ती। पार्टी अपनी कमियों और वोटों में आई कमी की गंभीरता से समीक्षा कर आत्ममंथन करेगी और मुस्तैदी से सुधार के कदम उठाएगी।


रंजन की रिपोर्ट