Bihar News : त्योहारी सीजन में विशेष अंतर्राज्यीय बसों से 25 हजार से अधिक यात्रियों ने किया सफर, 20 नवंबर तक जारी रहेगी सेवा
Bihar News : लोक आस्था के महापर्व दीपावली और छठ के अवसर पर घर आने-जाने वाले यात्रियों के लिए राज्य सरकार की ओर से चलाई जा रही विशेष अंतर्राज्यीय बस सेवा वरदान साबित हो रही है।
PATNA : लोक आस्था के महापर्व दीपावली और छठ के अवसर पर घर आने-जाने वाले यात्रियों के लिए राज्य सरकार की ओर से चलाई जा रही विशेष अंतर्राज्यीय बस सेवा वरदान साबित हो रही है। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) के आंकड़ों के मुताबिक, आगामी त्योहारों की भीड़ को देखते हुए 5 से 11 नवंबर के बीच कुल 155 विशेष बसों ने पांच राज्यों के लिए 604 फेरे (आना-जाना मिलाकर) पूरे किए हैं। इन विशेष बसों के जरिए अब तक 25 हजार से अधिक यात्रियों ने अपने गंतव्य तक सुरक्षित और सुगम सफर तय किया है, जिसमें सबसे अधिक भीड़ मुजफ्फरपुर, दरभंगा और पूर्णिया प्रमंडल की बसों में देखने को मिली है। इन सात दिनों के परिचालन के दौरान बसों की औसतन 84 प्रतिशत सीटें भरी रहीं, जो इस सेवा की सफलता को दर्शाती है।
यात्रियों को आरामदायक और सुगम सफर उपलब्ध कराना मुख्य उद्देश्य: परिवहन मंत्री
बिहार के परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने इस पहल पर जानकारी देते हुए बताया कि त्योहारी सीजन में ट्रेनों में होने वाली भारी भीड़ और लंबी प्रतीक्षा सूची (Waiting List) को ध्यान में रखते हुए सरकार ने यह विशेष व्यवस्था की है। वर्तमान में बिहार के प्रमुख प्रमंडलों— मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पूर्णिया, पटना और गयाजी से दिल्ली, हरियाणा, झारखंड, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल के बीच इन विशेष बसों का लगातार परिचालन किया जा रहा है। इस व्यवस्था से रोजाना हजारों यात्री बिना किसी परेशानी के अपने घरों तक पहुंच रहे हैं।
परिवहन विभाग मुस्तैद
यात्रियों को सफर के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए परिवहन विभाग पूरी तरह मुस्तैद है। सभी क्षेत्रीय प्रबंधकों और डिपो पदाधिकारियों को बसों की नियमित साफ-सफाई, चालकों व परिचालकों की उपलब्धता और निर्धारित समय पर बसों के प्रस्थान को सख्ती से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
20 नवंबर तक जारी रहेगा बसों का परिचालन, ऑनलाइन बुकिंग सुविधा उपलब्ध
परिवहन मंत्री ने आगे यह भी घोषणा की कि यात्रियों की मांग और सहूलियत को देखते हुए इन विशेष त्योहारी बसों का परिचालन आगामी 20 नवंबर तक जारी रखा जाएगा, ताकि पर्व के बाद वापस लौटने वाले लोगों को भी इसका पूरा लाभ मिल सके। सरकार की ओर से यात्रियों को बसों के किराए पर विशेष अनुदान भी दिया जा रहा है, जिससे यह यात्रा काफी किफायती साबित हो रही है। इन बसों के लिए ऑनलाइन टिकट निगम की आधिकारिक वेबसाइट bsrtc.bihar.gov.in पर आसानी से बुक किए जा सकते हैं।