पटना में दो बाइकों की आमने-सामने भीषण बाइक टक्कर, 4 युवक गंभीर रूप से घायल, 2 की हालत नाजुक

पटना के पालीगंज में कुरकुरी गांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद दो घायलों को पटना पीएमसीएच रेफर किया गया है, जबकि पुलिस ने दोनों बाइकें जब्त कर ली हैं।

पालीगंज में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, चार युवक घायल- फोटो : Reporter

पटना जिले के पालीगंज थाना क्षेत्र के कुरकुरी गांव के पास गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि दोनों मोटरसाइकिलें अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गईं और उन पर सवार चारों युवक सड़क के दोनों ओर छिटककर गिर पड़े। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए सड़क पर आवागमन भी प्रभावित रहा।


कैसे पेश आया यह सड़क हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों और शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पालीगंज की दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक पर तीन युवक सवार थे, जबकि महबलीपुर की ओर से आ रही दूसरी बाइक पर एक युवक सवार था। कुरकुरी गांव के समीप पहुंचते ही दोनों बाइकों के बीच सीधी टक्कर हो गई। टक्कर की तीव्रता के चलते दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और सड़क पर घायलों की चीख-पुकार मच गई।


घायलों की पहचान और पीएमसीएच रेफर

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को जानकारी दी, जिसके बाद डायल 112 और पालीगंज थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने सभी चारों घायलों को पालीगंज अनुमंडल अस्पताल (प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र) पहुंचाया, जहां सभी की पहचान पालीगंज थाना क्षेत्र के सरसी गांव निवासी के रूप में हुई। इनमें मयंक कुमार और पप्पू कुमार की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया गया, जबकि लक्ष्मण सिंह और सतीश कुमार का इलाज पालीगंज में ही जारी है।


पुलिस ने दोनों बाइकें कीं जब्त

सड़क दुर्घटना के बाद पालीगंज पुलिस ने मौके से दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। कुछ देर तक बाधित रहे यातायात को पुलिस की तत्परता से सामान्य कराया गया। स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है, जबकि पुलिस पूरे मामले की पड़ताल में जुटी है।

पालीगंज से ऋषिकेश की रिपोर्ट