नीट छात्रा की मौत पर गरमाई राजनीति: लोजपा (R) ने पुलिस प्रशासन को घेरा, कहा— सिर्फ संवेदना नहीं, अब निर्णायक कार्रवाई का समय है

पटना के एक गर्ल्स हॉस्टल में नीट (NEET) छात्रा गायत्री की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत पर LJPR ने कड़ा रुख अपनाया है। पार्टी के प्रदेश सचिव पंकज सिंह ने इस घटना की घोर निंदा करते हुए इसे राज्य की कानून-व्यवस्था पर बड़ा कलंंक बताया है।

Patna - लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रदेश सचिव पंकज सिंह ने पटना के शम्भू गर्ल्स हॉस्टल में जहानाबाद की बेटी और नीट (NEET) छात्रा गायत्री के साथ हुए कथित अमानवीय कृत्य और उसकी दुखद मृत्यु की घोर निंदा की है। उन्होंने इस घटना को राज्य की कानून-व्यवस्था और छात्राओं की सुरक्षा पर एक गंभीर प्रश्नचिह्न बताया है। पंकज सिंह ने कहा कि राजधानी के एक हॉस्टल में ऐसी घटना होना शासन और प्रशासन की विफलता को दर्शाता है।

11 दिन बीतने पर भी कार्रवाई न होने पर रोष पंकज सिंह ने गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इस जघन्य घटना को 11 दिन बीत चुके हैं, लेकिन पीड़ित परिवार अब भी न्याय के लिए दर-दर भटक रहा है। उन्होंने प्रशासन पर आरोप लगाया कि अब तक दोषियों की गिरफ्तारी न होना और ठोस कार्रवाई का अभाव पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़ा करता है। उन्होंने मुख्यमंत्री और पुलिस महानिदेशक (DGP) से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की अपील की है।

मुख्यमंत्री और DGP से की तीन प्रमुख मांगें लोजपा (R) नेता ने राज्य सरकार के समक्ष तीन प्रमुख मांगें रखी हैं:

  1. पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच सुनिश्चित की जाए।

  2. अपराध में शामिल सभी दोषियों को अविलंब गिरफ्तार किया जाए।

  3. मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाकर कठोरतम सजा दी जाए, ताकि भविष्य में कोई ऐसा साहस न कर सके।

गर्ल्स हॉस्टलों के लिए सख्त नियमावली की आवश्यकता 

पंकज सिंह ने केवल न्याय की मांग ही नहीं की, बल्कि भविष्य में छात्राओं की सुरक्षा के लिए एक ठोस नीति बनाने का भी सुझाव दिया है। उन्होंने मांग की कि प्रदेश के सभी गर्ल्स हॉस्टलों के लिए सख्त सुरक्षा नियमावली बने, जिसमें महिला वार्डन की अनिवार्य नियुक्ति, सीसीटीवी निगरानी और नियमित प्रशासनिक निरीक्षण जैसे प्रावधान शामिल हों। उन्होंने कहा कि बेटियां तभी आगे बढ़ेंगी जब उन्हें एक सुरक्षित वातावरण मिलेगा।