राज्यपाल से मिले पप्पू यादव, मुजफ्फरपुर अस्पताल हादसे का उठाया मुद्दा, खान सर पर खूब बोले

Pappu Yadav met Governor- फोटो : news4nation

Pappu Yadav : पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने शनिवार को बिहार के राज्यपाल से मुलाकात कर मुजफ्फरपुर में हाल ही में हुए अस्पताल अग्निकांड और निजी नर्सिंग होमों की कथित मनमानी का मुद्दा उठाया। मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि मुजफ्फरपुर में अस्पताल में आग लगने की घटना बेहद दुखद है और इसमें कई लोगों की जान गई है। 


पप्पू यादव ने कहा कि उन्होंने राज्यपाल को पूरे मामले की जानकारी दी है और स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़े गंभीर सवालों से अवगत कराया है। उन्होंने बताया कि राज्यपाल ने मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।


लालू-राबड़ी की सुरक्षा में कटौती पर सरकार को घेरा

राजद नेता लालू यादव और राबड़ी देवी की सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव को लेकर भी पप्पू यादव ने राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार के पास धन की कमी है, इसलिए जनता के मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए कभी सुरक्षा तो कभी सरकारी आवास का मुद्दा उठाया जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि बड़े उद्योगपतियों और प्रभावशाली लोगों को जेड प्लस सुरक्षा दी जा रही है, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री और विपक्ष के नेताओं की सुरक्षा कम की जा रही है। पप्पू यादव ने कहा कि सरकार को सुरक्षा और राजनीतिक विवादों के बजाय महंगाई, बेरोजगारी और पेपर लीक जैसी समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए।


खान सर और रौशन आनंद पर बोले पप्पू यादव

पटना में कोचिंग संस्थानों से जुड़े विवाद और खान सर तथा रौशन आनंद के खिलाफ हुई कार्रवाई पर भी पप्पू यादव ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि खान सर और रौशन आनंद दोनों देश के प्रतिष्ठित शिक्षक हैं और उन्हें अपराधी की तरह पेश करना उचित नहीं है। सांसद ने कहा, "जो लोग लाखों छात्रों को शिक्षा दे रहे हैं, उन्हें जेल भेजा जा रहा है, जबकि पुलिस कई मामलों में असली अपराधियों तक नहीं पहुंच पाती। शिक्षकों के साथ इस तरह का व्यवहार दुर्भाग्यपूर्ण है।" पप्पू यादव ने कहा कि कानून अपना काम करे, लेकिन किसी भी व्यक्ति के साथ न्यायपूर्ण और निष्पक्ष व्यवहार होना चाहिए। उन्होंने शिक्षा जगत से जुड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई में संवेदनशीलता बरतने की भी मांग की।

नरोत्तम की रिपोर्ट