Bihar News: प्रेमिका के सामने 'एक्स प्रेमी' की निर्मम हत्या, मर्डर के एक साल बाद हुआ रौंगटे खड़े कर देने वाला खुलासा, माशूका गिरफ्तार

Bihar News: प्रेमिका के सामने एक्स प्रेमी की निर्मम हत्या कर दी गई। घटना मार्च 2025 का बताया जा रहा है जिसका खुलासा पुलिस ने अब किया है। इस घटना के खुलासे से इलाके में हड़कंप मच गया।

एक साल बाद खुलासा- फोटो : reporter

Bihar News:  पटना के परसा बाजार इलाके में पिछले साल मिली अज्ञात शव की गुत्थी आखिरकार पुलिस ने सुलझा ली है। 18 मार्च 2025 को बरामद हुई इस डेड बॉडी की पहचान दिसंबर 2025 में जहानाबाद निवासी महादेव साह के रूप में हुई थी। मामले की जांच के बाद पुलिस ने महिला समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

अवैध संबंध में हत्या

पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक महादेव साह का आरोपी महिला पुष्पा देवी के साथ अवैध संबंध था। आरोप है कि महादेव साह ने महिला का आपत्तिजनक वीडियो बना रखा था और उसे वायरल करने की धमकी दे रहा था। इसी को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।

देवर और ऑटो चालक के साथ मिलकर रची साजिश

पुलिस के अनुसार पुष्पा देवी ने अपने देवर आलोक और ऑटो चालक सन्नी कुमार के साथ मिलकर महादेव साह की हत्या की साजिश रची। साजिश के तहत आरोपियों ने महादेव साह की हत्या कर शव को परसा बाजार इलाके में फेंक दिया। जांच में यह भी सामने आया है कि हत्या के दौरान आरोपी आलोक ने धारदार हथियार से महादेव साह का गला रेत दिया था।

मोबाइल कॉल रिकॉर्ड से खुला राज

मामले का खुलासा मृतक के मोबाइल फोन के कॉल रिकॉर्ड के आधार पर हुआ। पुलिस ने जांच के दौरान मृतक का मोबाइल फोन, आधार कार्ड और घटना में इस्तेमाल किया गया ऑटो भी बरामद कर लिया है।

आरोपी ने कबूला जुर्म

गिरफ्तार आरोपी आलोक ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने पुष्पा देवी, आलोक और ऑटो चालक सन्नी कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं इस मामले में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में पैसे के लेनदेन और ब्लैकमेलिंग को लेकर विवाद की बात भी सामने आई है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

पटना से अनिल की रिपोर्ट