लोजपा (आर) पिछड़ा-अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने विधायक डॉ. प्रकाश चंद्र का पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओ ने किया भव्य स्वागत, कई दिग्गज नेता रहे मौजूद
Patna : केंद्रीय मंत्री एवं लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने ओबरा से विधायक डॉ. प्रकाश चंद्र को बड़ी जिम्मेदारी सौंपते हुए पार्टी के पिछड़ा एवं अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस उपलक्ष्य में गुरुवार को पटना स्थित पार्टी के बिहार प्रदेश कार्यालय में एक भव्य स्वागत एवं अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।
बिहार सरकार के मंत्री संजय सिंह, MLC अशरफ अंसारी समेत कई दिग्गज रहे मौजूद
आयोजित समारोह में बिहार सरकार के मंत्री संजय सिंह, विधान परिषद सदस्य (MLC) अशरफ अंसारी, प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष शंकर शर्मा सहित पार्टी के कई विधायक, राज्य स्तरीय पदाधिकारी और भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी नेताओं ने नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष को बधाई दी और उनके नेतृत्व में संगठन के विस्तार की उम्मीद जताई।
संगठन की मजबूती और बूथ स्तर तक जनाधार बढ़ाने पर हुई विस्तृत चर्चा
समारोह के दौरान संगठन को और अधिक गतिशील बनाने, पिछड़ा व अतिपिछड़ा समाज के बीच पार्टी के जनाधार को व्यापक रूप से फैलाने तथा आगामी राजनीतिक रणनीतियों पर गहन विचार-विमर्श किया गया। उपस्थित नेताओं ने डॉ. प्रकाश चंद्र के नेतृत्व में पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का सामूहिक संकल्प दोहराया।
चिराग पासवान के विश्वास पर खरा उतरने का डॉ. प्रकाश चंद्र ने लिया संकल्प
नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रकाश चंद्र ने केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर जो भरोसा जताया है, उसे वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएंगे। उन्होंने घोषणा की कि पिछड़ा और अतिपिछड़ा समाज के अधिकारों की रक्षा व पार्टी के सशक्तिकरण के लिए जल्द ही गांव-गांव और बूथ स्तर तक विशेष अभियान चलाया जाएगा।
पार्टी कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर, संगठन विस्तार को मिलेगी नई गति
डॉ. प्रकाश चंद्र की इस महत्वपूर्ण नियुक्ति से लोजपा (रामविलास) के कार्यकर्ताओं और समर्थक वर्ग में भारी उत्साह देखा जा रहा है। पार्टी नेताओं का मानना है कि इस कदम से राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर पिछड़ा एवं अतिपिछड़ा वर्ग के बीच पार्टी का जनाधार और अधिक मजबूत होगा, जिससे आगामी चुनावों में पार्टी को सीधा रणनीतिक लाभ मिलेगा।
वंदना की रिपोर्ट