Bihar Crime : पटना में पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई, तीन चोरी की बाइक के साथ एक शातिर चोर को किया गिरफ्तार
Bihar Crime : पटना जिले के दुल्हिनबाजार थाना की पुलिस ने बाइक चोरी मामले में कार्रवाई करते हुए एक चोर को गिरफ्तार किया. जिसके पास से चोरी के तीन बाइक को पुलिस ने बरामद किया है.....पढ़िए आगे
PATNA : जिले के पालीगंज अनुमंडल अंतर्गत दुल्हिनबाजार थाना पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करते हुए एक शातिर चोर को धर दबोचा है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर आरोपी के पास से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुलाल चौक गांव निवासी मोमीत कुमार के रूप में की गई है।
गुप्त सूचना पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, दुल्हिनबाजार थाना पुलिस को देर रात यह गुप्त सूचना मिली थी कि गुलालचक गांव स्थित एक मकान में चोरी की बाइक रखी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए बताए गए ठिकाने पर दल-बल के साथ छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से संदिग्ध मोमीत कुमार को हिरासत में लिया।
आरोपी की निशानदेही पर 3 बाइक बरामद
हिरासत में लिए जाने के बाद जब पुलिस ने आरोपी से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसकी निशानदेही पर छिपाकर रखी गई तीन चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कर ली गईं। पुलिस ने सभी वाहनों को जब्त कर थाने ले आई है। इस सफलता से क्षेत्र में सक्रिय वाहन चोरों में हड़कंप मच गया है।
अंतरप्रांतीय या स्थानीय गिरोह के तार खंगाल रही पुलिस
पुलिस फिलहाल बरामद की गई तीनों बाइकों के कागजात और उनके वास्तविक मालिकों का पता लगाने में जुटी हुई है। इसके साथ ही आरोपी के आपराधिक इतिहास को खंगाला जा रहा है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वह पूर्व में भी किसी चोरी की घटना में संलिप्त रहा है या नहीं।
पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने में जुटी टीम
दुल्हिनबाजार पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संभावित ठिकानों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस वाहन चोर गिरोह के पूरे सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया जाएगा और अन्य संलिप्त आरोपियों को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
ऋषिकेश की रिपोर्ट