Patna Police:बंटी यादव मर्डर के बाद पुलिस का ऑपरेशन क्लीन, देह व्यापार, हनीट्रैप और ब्लैकमेल गैंग पर ताबड़तोड़ रेड, कई रैकेट रडार पर

Patna Police: पटना जंक्शन परिसर से कथित अपहरण के बाद बंटी यादव की हत्या ने पुलिस-प्रशासन को हाई अलर्ट पर ला दिया है।...

देह व्यापार, हनीट्रैप और ब्लैकमेल गैंग पर ताबड़तोड़ रेड- फोटो : reporter

Patna Police: बंटी यादव हत्याकांड के बाद राजधानी में पुलिस ने अपराध के पूरे सिंडिकेट पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पटना जंक्शन परिसर से कथित अपहरण के बाद बंटी यादव की हत्या ने पुलिस-प्रशासन को हाई अलर्ट पर ला दिया है। आरोप है कि अवैध देह व्यापार के खिलाफ आवाज उठाने की वजह से उनकी हत्या की गई। इसके बाद रेलवे स्टेशन और आसपास के इलाकों में लगातार ताबड़तोड़ छापेमारी चल रही है।

पटना रेल एएसपी भास्कर के नेतृत्व में शनिवार की देर रात कोतवाली थाना, जीआरपी, जक्कनपुर थाना और अन्य पुलिस टीमों ने संयुक्त अभियान चलाकर स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, होटल, लॉज और संदिग्ध ठिकानों की सघन तलाशी ली। पुलिस का कहना है कि यह अभियान रोजाना जारी रहेगा और अपराधियों के हर अड्डे को खंगाला जाएगा।पटना रेल एएसपी भास्कर ने कहा कि किसी भी सूरत में अपराधियों पर नकेल कस दिया जाएगा। उन्होंनेो कहा कि अपराधियों को जेल जाना हीं होगा।

इसी कार्रवाई के तहत इससे पहले एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग टीम ने पटना के 50 से अधिक ब्यूटी पार्लर, स्पा सेंटर और संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की। वहीं दानापुर-खगौल इलाके के होटलों में कार्रवाई के दौरान कथित सेक्स रैकेट का भी भंडाफोड़ किया गया। कई संचालकों, दलालों और ग्राहकों को हिरासत में लिया गया, जबकि जांच में पश्चिम बंगाल समेत अन्य राज्यों से नाबालिग लड़कियों की तस्करी कर उन्हें इस अवैध धंधे में धकेलने की आशंका भी सामने आई है। पुलिस ने कई पीड़िताओं को रेस्क्यू किया है।

उधर, इस पूरे मामले के बीच हनीट्रैप और ब्लैकमेल गैंग का भी बड़ा खुलासा हुआ है। पटना के एक होटल कारोबारी को एडिटेड फोटो वायरल करने की धमकी देकर एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई। बदनामी के डर से कारोबारी ने पहली किस्त के तौर पर 20 लाख रुपये अपराधियों के बताए स्थान पर रख दिए। सूचना मिलने पर मुजफ्फरपुर पुलिस ने छापेमारी कर पूरी रकम बरामद कर ली। टाउन सीडीपीओ विनीता सिन्हा के मुताबिक, इस ब्लैकमेल रैकेट का मास्टरमाइंड अभिषेक और उसके साथी बताए जा रहे हैं। पीड़ित की शिकायत पर एफआईआर की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

पुलिस का मानना है कि स्टेशन और उसके आसपास सक्रिय अवैध नेटवर्क केवल देह व्यापार तक सीमित नहीं था, बल्कि छिनतई, रंगदारी, ब्लैकमेल और संगठित अपराध का पूरा जाल फैल चुका था। अब बंटी यादव हत्याकांड के बाद पुलिस इस पूरे गिरोह की कमर तोड़ने के लिए लगातार कार्रवाई में जुटी हुई है।पटना रेल एएसपी भास्कर के नेतृत्व में पटना पुलिस अपराधियों का चैन तोड़ने में लगी है।

रिपोर्ट- रंजीत कुमार