Patna Drug Bust: बिहटा में 100 पुड़िया स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार, देर रात पुलिस की बड़ी कार्रवाई

पटना के बिहटा में पुलिस का बड़ा एक्शन,गुप्त सूचना पर समस्तु गांव में देर रात छापेमारी कर पुलिस ने 100 पुड़िया स्मैक (कीमत ₹50,000+) के साथ तस्कर भीम कुमार को गिरफ्तार किया।आरोपी पर NDPS एक्ट में मामला दर्ज,पूरे स्मैक सिंडिकेट को खंगालने में जुटी

बिहटा में 100 पुड़िया स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार- फोटो : Reporter

पटना जिले की बिहटा थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए समस्तु गांव में छापेमारी कर एक शातिर स्मैक तस्कर को धर दबोचा। आरोपी के पास से करीब 100 पुड़िया स्मैक बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 50 हजार रुपये से अधिक बताई जा रही है।


गुप्त सूचना पर देर रात समस्तु गांव में पुलिस की छापेमारी

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बिहटा थाना क्षेत्र के समस्तु गांव (वार्ड संख्या-8) में अवैध स्मैक बेचे जाने की गुप्त सूचना मिली थी। गुप्त सूचना में गांव निवासी दीपा राय के पुत्र भीम कुमार द्वारा नशीले पदार्थों के कारोबार में शामिल होने का पता चला था। इस खबर के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने रणनीति तैयार की और देर रात आरोपी के घर पर औचक छापेमारी की।


घर की तलाशी में 100 पुड़िया स्मैक बरामद, आरोपी हिरासत में

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से ही आरोपी भीम कुमार को दबोच लिया। इसके बाद उसकी निशानदेही पर जब घर की गहन तलाशी ली गई, तो कमरे से करीब 100 पुड़िया स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत सभी मादक पदार्थों को जब्त कर लिया और आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी।


NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज, पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी पुलिस

पुलिस ने पकड़े गए तस्कर के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह स्मैक की यह खेप कहां से लाता था और किन-किन इलाकों में सप्लाई करता था। पुलिस इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर पूरे सिंडिकेट का पर्दाफाश करने में जुटी है, और इलाके में यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।