Bihar News : कटिहार पुलिस ने पिकअप पर लोड विदेशी शराब की बड़ी खेप किया बरामद, मौके से तस्कर को किया गिरफ्तार

Bihar News : कटिहार के मुफस्सिल थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से 1740 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। इस दौरान एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया है.....पढ़िए आगे

Bihar News : कटिहार पुलिस ने पिकअप पर लोड विदेशी शराब की बड़ी
शराब की बड़ी खेप बरामद - फोटो : SHYAM

KATIHAR : बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कटिहार पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। मुफस्सिल थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से एक शराब तस्कर को भी धर दबोचा।

मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए एसडीपीओ विशाल आनंद ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि पश्चिम बंगाल की ओर से एक पिकअप वैन में आम की पेटियों की आड़ में शराब की एक बड़ी खेप लाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने जाल बिछाया और मनिया पुल के पास संदिग्ध वाहन की घेराबंदी कर दी।

पुलिस बल को देखते ही पिकअप चालक ने वाहन छोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद जवानों ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर उसे दबोच लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत तीरा गांव निवासी राम कुमार राय के रूप में की गई है। जब पुलिस ने जब्त पिकअप वैन की सघन तलाशी ली, तो आम की पेटियों के पीछे छिपाकर रखी गई कुल 1740 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत प्रभाव से पूरी शराब की खेप और तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है।

इस संबंध में मुफस्सिल थाने में मद्यनिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह खेप समस्तीपुर या किसी अन्य जिले में किसे डिलीवर की जानी थी।

श्याम की रिपोर्ट