बिहटा इंजीनियरिंग छात्रा हत्याकांड: पुलिस ने सुलझाई गुत्थी, प्रेम-प्रसंग में हत्या, एक छात्र हिरासत में!

बिहटा में इंजीनियरिंग छात्रा अनुपमा कुमारी की हत्या मामले में पुलिस ने एक छात्र को हिरासत में लिया है। प्रेम-प्रसंग और दुष्कर्म की आशंका के बीच पुलिस करेगी मामले का खुलासा।

बिहटा इंजीनियरिंग छात्रा हत्याकांड- फोटो : news 4 nation

पटना के बिहटा में इंजीनियरिंग छात्रा अनुपमा कुमारी की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस हत्याकांड की गुत्थी काफी हद तक सुलझा ली गई है और मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा नजर आ रहा है। राघोपुर मौआर कॉलोनी स्थित किराए के मकान में सोमवार  को अनुपमा का शव मिलने के बाद से ही पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही थी।


संदिग्ध छात्र हिरासत में, पूछताछ जारी

पुलिस ने इस मामले में एक छात्र को हिरासत में लिया है, जिससे गुप्त स्थान पर पूछताछ की जा रही है। पकड़ा गया युवक भी छात्र बताया जा रहा है। सूत्रों का कहना है कि कॉल डिटेल्स (CDR) और मोबाइल लोकेशन के जरिए पुलिस इस संदिग्ध तक पहुँचने में कामयाब रही। संभावना जताई जा रही है कि पटना  पुलिस औपचारिक रूप से प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस पूरे मामले का खुलासा कर सकती है।


बाहर से बंद था ताला, अंदर चल रहे थे पंखे

मृतका की पहचान औरंगाबाद जिले के ओबरा निवासी अशोक सिंह की 23 वर्षीय पुत्री अनुपमा कुमारी के रूप में हुई है, जो पिछले तीन वर्षों से बिहटा में रहकर निजी इंजीनियरिंग कॉलेज से पढ़ाई कर रही थी। दरअसल, सोमवार देर शाम जब मकान मालिक ने देखा कि अनुपमा के कमरे पर बाहर से ताला लटका है, लेकिन अंदर की लाइट और पंखा चालू हैं, तो उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। परिजनों द्वारा फोन न उठाने पर पुलिस को इसकी सूचना दी गई।


दुष्कर्म की आशंका और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

छात्रा की हत्या जिस क्रूरता से की गई, उसने कई सवाल खड़े किए हैं। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि हत्या से पहले छात्रा के साथ दुष्कर्म जैसी कोई घटना हुई थी या नहीं। हालांकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इसकी पुष्टि केवल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी। फिलहाल, वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर गला दबाकर हत्या किए जाने की बात प्रबल मानी जा रही है।


कमरे की रहस्यमयी स्थिति और एफएसएल की जांच

घटना के दिन छात्रा के कमरे का नजारा बेहद संदिग्ध था। कमरे के बाहर ताला लटका हुआ था, जबकि अंदर लाइट और पंखे चल रहे थे। बिहटा पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव बरामद किया था। मौके पर पहुँची एफएसएल (FSL) की टीम ने घटनास्थल से कई अहम फिंगरप्रिंट्स और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं, जो पकड़े गए संदिग्ध के खिलाफ कड़ी कड़ी साबित हो सकते हैं।


परिजनों का आरोप और पुलिस की आगामी कार्रवाई

औरंगाबाद के खुदवा थाना क्षेत्र की रहने वाली अनुपमा के पिता अशोक शर्मा और उनकी बड़ी बहन पहले ही इसे सोची-समझी साजिश बता चुके थे। परिजनों का कहना था कि अनुपमा मानसिक रूप से काफी मजबूत थी और उसने हाल ही में घर पर सामान्य बात भी की थी। फिलहाल पुलिस आरोपी छात्र के बयानों का मिलान कर रही है ताकि हत्याकांड की पूरी कड़ियां जोड़ी जा सकें।