Patna Crime: पटना में अपराधियों के हौसले बुलंद, बिहटा में महिला से सोने के गहनों की लूट

Patna Crime: पटना के बिहटा में नगर परिषद कार्यालय के पास बाइक सवार बदमाशों ने हथियार दिखाकर एक महिला से सोने की चेन और अंगूठियां लूट लीं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू की।

Patna Crime:  बिहार की राजधानी पटना के बिहटा में अपराधियों ने एक बार फिर लूट की घटना को अंजाम दिया है। नगर परिषद कार्यालय के पास बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला को हथियार दिखाकर उसके सोने के गहने लूट लिए। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके के लोगों में डर और गुस्सा है।


इलाज कराकर घर लौट रही थी महिला


पीड़िता के बेटे रूपेश कुमार के अनुसार, उनकी मां बिहटा में एक फिजियोथेरेपिस्ट से मिलकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान जब वह नगर परिषद कार्यालय के पास पहुंचीं, तभी बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि बदमाशों ने हथियार दिखाकर महिला के गले से सोने की चेन और उंगलियों से अंगूठियां उतरवा लीं। महिला मदद के लिए लोगों को बुलातीं, उससे पहले ही आरोपी फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद महिला के परिवार में चिंता का माहौल बन गया। लूटे गए गहनों की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पीड़िता ने अपने परिजनों के साथ बिहटा थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी है।


पुलिस ने शुरू की जांच


बिहटा थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि महिला की ओर से आवेदन मिला है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने आरोपियों को जल्द पकड़ने की बात कही है। बताया जा रहा है कि बिहटा में कुछ दिन पहले भी छिनतई की घटना हुई थी, जिसका खुलासा अब तक नहीं हो पाया है। इलाके में लगातार लूट और छिनतई की घटनाओं से स्थानीय लोग परेशान हैं।


पुलिस की गश्ती पर लोगों ने उठाए सवाल


स्थानीय लोगों ने पुलिस की गश्ती व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि इलाके में पुलिस की नियमित गश्त नहीं होने से बदमाशों के हौसले बढ़ रहे हैं और आम लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। लोगों ने पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।