भाजपा प्रदेश कार्यालय में दही-चूड़ा भोज के बहाने समरसता का संदेश, प्रदेश अध्यक्ष और दोनों उपमुख्यमंत्रियों ने कार्यकर्ताओं संग मनाई मकर संक्रांति

भाजपा प्रदेश कार्यालय में मकर संक्रांति पर किसान मोर्चा द्वारा आयोजित 'दही-चूड़ा भोज' में प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा सहित हजारों कार्यकर्ता जुटे। यह आयोजन समरसता और एकजुटता का प्रतीक बना।

Patna -  मकर संक्रांति के पावन अवसर पर आज पटना स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में किसान मोर्चा के तत्वाधान में भव्य 'कार्यकर्ता मिलन समारोह सह दही-चूड़ा भोज' का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और हजारों कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लेकर सामाजिक समरसता और संगठनात्मक एकजुटता का संदेश दिया.

सांस्कृतिक परंपरा और संगठन की शक्ति 

कार्यक्रम की शुरुआत प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने दीप प्रज्वलित कर की. इस अवसर पर उन्होंने मकर संक्रांति को सांस्कृतिक परंपरा और सामूहिक सहभागिता का प्रतीक बताते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं का उत्साह और एकजुटता ही भाजपा की वास्तविक शक्ति है. उन्होंने कहा कि सूर्य के उत्तरायण होने का यह पर्व प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, समृद्धि और सकारात्मक सोच का संचार करेगा.

लोक-संस्कृति और सात्विक विधान 

भोज में शामिल हुए उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बिहार में मकर संक्रांति के दिन दही-चूड़ा का भोज हमारी लोक-संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है. उन्होंने मकर संक्रांति पर सात्विक भोजन के महत्व को रेखांकित करते हुए इस सफल आयोजन के लिए किसान मोर्चा की सराहना की.

दान, धर्म और कर्तव्य का पर्व 

वहीं, उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने मकर संक्रांति को स्नान, दान, दया और कर्तव्यपरायणता का पर्व बताया. उन्होंने भगवान भास्कर से प्रार्थना करते हुए बिहार की जनता के लिए अच्छे स्वास्थ्य, समृद्धि और नई ऊर्जा की कामना की.

वरिष्ठ नेताओं की गरिमामयी उपस्थिति 

भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस भोज में विधान परिषद् के सभापति अवधेश नारायण सिंह, मंत्री मंगल पांडेय, दिलीप जायसवाल, रामकृपाल यादव और संगठन महामंत्री भीखूभाई दालसनिया सहित कई विधायक और पदाधिकारी उपस्थित रहे. कार्यालय परिसर में आयोजित इस भोज को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा गया।

रिपोर्ट - वंदना शर्मा