अस्पताल में इलाज कराने पहुंचे थे साइबर ठग, पुलिस ने चार को दबोचा; नकदी और एटीएम बरामद

पटना के रामकृष्णानगर थाना क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में सीसीएसयू ने छापेमारी कर चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। देवघर से एटीएम कार्ड मंगाकर पटना में निकासी और सीडीएम से रकम ट्रांसफर करने वाले इस गिरोह के पास से एटीएम कार्ड व नकदी बरामद हुई

पटना के निजी अस्पताल में सीसीएसयू की छापेमारी, चार साइबर अपराधी गिरफ्तार- फोटो : Reporter

पटना में साइबर अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सीसीएसयू की टीम ने रामकृष्णानगर थाना क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में छापेमारी की और चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि साइबर ठगी से जुड़े अपराधी अस्पताल में मौजूद हैं, जहां गिरोह का एक सदस्य भर्ती है और अन्य साथी उसका इलाज कराने पहुंचे हैं।


घेराबंदी और बरामदगी

जैसे ही पुलिस टीम ने अस्पताल में छापेमारी की, चारों आरोपित मौके से भागने की कोशिश करने लगे। हालांकि, पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चारों ओर से घेराबंदी की और सभी को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपितों के पास से कई एटीएम कार्ड और नकदी बरामद की गई है, जबकि जांच में पता चला है कि पकड़े गए ये आरोपित शेखपुरा, नालंदा और पटना के रहने वाले हैं।


देवघर से कार्ड और पटना में निकासी का खेल

पुलिस जांच में यह अहम खुलासा हुआ है कि इस साइबर गिरोह को देवघर से पार्सल के जरिए एटीएम कार्ड भेजे जाते थे। पटना में गिरोह के सदस्य इन कार्डों को रिसीव करते थे, एटीएम से रुपये निकालते थे और फिर उस नकदी को सीडीएम मशीन के जरिए आगे ट्रांसफर कर देते थे।


पहचान छिपाने का तरीका

गिरोह के सदस्य निकाली गई रकम में से अपना तय कमीशन रख लेते थे। इसके बाद वे एटीएम कार्ड का केवल एक या दो बार इस्तेमाल करते थे और फिर उसे तोड़कर फेंक देते थे, ताकि पुलिस और जांच एजेंसियों से अपनी पहचान छिपाई जा सके।


सरगना की पहचान और आगे की जांच

गिरफ्तार आरोपितों में गौतम और रवि को इस गिरोह का सरगना बताया जा रहा है, जिनमें रवि टोटो चलाता है और गौतम अस्पताल में भर्ती था। उसी के इलाज के बहाने बाकी साथी अस्पताल में इकट्ठा हुए थे, और फिलहाल सीसीएसयू की टीम चारों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क, कार्ड सप्लाई और लेन-देन की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

पटना से अनिल की रिपोर्ट