हाजीपुर में ज्वेलरी दुकानदार के घर चोरी का खुलासा : 10.879 किलो चांदी और सोना बरामद, दो गिरफ्तार
हाजीपुर के औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने ज्वेलरी दुकानदार के घर हुई बड़ी चोरी का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 10.879 किलोग्राम चांदी और 9.340 ग्राम सोना बरामद किया है...
Vaishali : जिले के हाजीपुर स्थित औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने ज्वेलरी दुकानदार के घर हुई बड़ी चोरी की घटना का खुलासा कर लिया है। जानकारी के अनुसार, 25 नवंबर 2026 को मरई रोड, छोटी मस्जिद, धनौती निवासी संतोष पोद्दार ने लिखित आवेदन देकर बताया था कि घर के सभी सदस्य एक रिश्तेदार के शादी समारोह में शामिल होने गए थे, इसी दौरान चोरों ने घर में घुसकर उनकी ज्वेलरी दुकान का भारी मात्रा में सोना-चांदी चुरा लिया, जिस पर औद्योगिक क्षेत्र थाना कांड संख्या 202/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
मुनिम पर जताई गई आशंका के बाद कबाड़ी दुकान से हिरासत में लिया गया
अनुसंधान के क्रम में वादी संतोष पोद्दार ने अपने मुनिम रोहित कुमार के शामिल होने की आशंका जताई थी। मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सराय सोनपुर स्थित कबाड़ी दुकान से रोहित कुमार (पिता- अनिल पोद्दार, वर्तमान पता- छोटी मस्जिद, धनौती) को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी करने की बात स्वीकार कर ली।
निशानदेही पर दूसरा साथी पवन कुमार उर्फ धोबा गिरफ्तार
मुनिम रोहित कुमार की निशानदेही पर पुलिस ने छापेमारी करते हुए उसके सहयोगी पवन कुमार उर्फ धोबा (पिता- चंद्रेश्वर राय, निवासी- आनवरपुर, थाना- नगर, जिला- वैशाली) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक इस मामले में शामिल तीसरा सहयोगी नगर थाना के एक अन्य कांड में पहले से ही न्यायिक हिरासत में है।
10.879 किलोग्राम चांदी और 9.340 ग्राम सोना बरामद, दोनों जेल भेजे जा रहे
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने रोहित कुमार की कबाड़ी दुकान से चोरी का सामान बरामद किया है, जिसमें 10.879 किलोग्राम चांदी और 9.340 ग्राम सोना शामिल है। पुलिस के अनुसार चोरी का लगभग पूरा सामान बरामद कर लिया गया है और गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
त्वरित कार्रवाई से चोरी गिरोह पर कसा शिकंजा
औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में अहम सफलता मिली है। मामले के मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी और जेवरात की बरामदगी के बाद पुलिस आगे की विधिक प्रक्रिया पूरी कर रही है।