पटना मर्डर मिस्ट्री: रेलवे ट्रैक पर मिला था सिर कटा शव,लापता रूप में हुई पहचान,जमकर बवाल

पटना के हवाई अड्डा थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के पास मिले सिर कटे शव की पहचान गर्दनीबाग के लापता चंदन कुमार के रूप में हुई है। अवैध संबंध में हत्या की आशंका के बीच परिजनों ने अनीसाबाद गोलंबर पर जमकर हंगामा और आगजनी की।

राजधानी पटना से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां अवैध संबंध के चक्कर में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। दरअसल, बीते 13 मई को हवाई अड्डा थाना पुलिस ने रेलवे ट्रैक के समीप से एक अज्ञात युवक का सिर कटा हुआ शव बरामद किया था। पुलिस ने बिना सिर के इस धड़ को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आईजीआईएमएस (IGIMS) अस्पताल भेज दिया था, लेकिन सिर गायब होने के कारण मृतक की शिनाख्त पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बनी हुई थी।

लापता चंदन के रूप में हुई मृतक की पहचान

शव मिलने के बाद पुलिस मामले की गुत्थी सुलझाने में जुटी ही थी कि गर्दनीबाग थाना क्षेत्र से एक अहम सुराग मिला। गर्दनीबाग थाने में परिजनों ने चंदन कुमार नाम के एक युवक के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने परिजनों को अस्पताल ले जाकर शव दिखाया, जहां चंदन के शरीर पर मौजूद कपड़ों को देखकर परिजनों ने चीख-पुकार मचाते हुए उसकी पहचान की। चंदन की शिनाख्त होते ही यह साफ हो गया कि उसकी हत्या बेहद सुनियोजित तरीके से की गई है।


अनीसाबाद गोलंबर पर बवाल और आगजनी

युवक की इस नृशंस हत्या की खबर जैसे ही इलाके में फैली, परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित परिजनों ने हत्यारोपियों की अविलंब गिरफ्तारी और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर गर्दनीबाग थाना क्षेत्र के अनीसाबाद गोलंबर के समीप जमकर हंगामा किया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर टायर जलाकर आगजनी की, जिससे पूरे इलाके का यातायात बुरी तरह बाधित हो गया। घटना की सूचना मिलते ही सचिवालय एसडीपीओ-1 डॉ. अनु और गर्दनीबाग थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर सड़क से हटाया, जिसके बाद यातायात सुचारू हो सका।

अवैध संबंध में हत्या की आशंका, सिर की तलाश जारी

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस खौफनाक वारदात के पीछे अवैध संबंध का विवाद होने की प्रबल आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस संदेहास्पद मामले में कुछ संदिग्धों को हिरासत (Detain) में लिया है, जिनसे गुप्त स्थान पर कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि मृतक चंदन का कटा हुआ सिर कहां है और हत्यारों ने उसे किस मकसद से रेलवे ट्रैक के पास फेंका। पुलिस की विशेष टीमें और डॉग स्क्वायड की मदद से रेलवे ट्रैक के आसपास के पूरे इलाके में गायब सिर की सघन खोजबीन की जा रही है।

रिपोर्ट - अनिल कुमार