Patna Chhath Traffic Plan: छठ महापर्व पर घर से निकलने से पहले सौ बार सोच लें! पटना के इन मुख्य मार्गों पर १५-१६ नवंबर को गाड़ियों की एंट्री पर लगा बैन, जानिए पूरा रूट प्लान

Patna Chhath Traffic Plan:लोक-आस्था के महानुष्ठान छठ महापर्व के दौरान राजधानी पटना में उमड़ने वाली असीम जनसैलाब और श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही को सुनिश्चित करने के निमित्त जिला प्रशासन एवं यातायात पुलिस द्वारा व्यापक प्रबंध किए गए हैं। ...

छठ महापर्व पर पटना की यातायात व्यवस्था- फोटो : X

Patna Chhath Traffic Plan: लोकआस्था के महापर्व छठ को लेकर राजधानी में श्रद्धालुओं की सहूलियत, सुरक्षा और सुचारु आवागमन के मद्देनजर यातायात पुलिस ने विस्तृत ट्रैफिक प्लान जारी किया है। गंगा के विभिन्न घाटों पर उमड़ने वाली व्रतियों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए 15 और 16 नवंबर को शहर के कई प्रमुख मार्गों पर सामान्य वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। प्रशासन का मक़सद घाटों तक पहुंचने वाले छठव्रतियों को सुरक्षित और सुगम रास्ता मुहैया कराना है, ताकि महापर्व के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था या जाम की नौबत न आए। जारी आदेश के मुताबिक, 15 नवंबर को पहले अर्घ्य के दिन दोपहर 12 बजे से शाम 7 बजे तक और 16 नवंबर को सुबह 2 बजे से 8 बजे तक अथवा यातायात सामान्य होने तक कई सड़कों पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित रहेगी। हालांकि छठव्रतियों के वाहन, एम्बुलेंस, अग्निशमन वाहन, मरीजों को ले जाने वाले वाहन और शव वाहन प्रतिबंध से मुक्त रहेंगे।

यातायात व्यवस्था के तहत कारगिल चौक से दीदारगंज तक अशोक राजपथ पर सामान्य वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा। इस मार्ग पर सभी प्रवेश रास्ते प्रतिबंधित होंगे। केवल खजांची रोड के रास्ते छठव्रतियों के वाहन पटना कॉलेज और साइंस कॉलेज परिसर में निर्धारित पार्किंग तक पहुंच सकेंगे। कारगिल चौक से शाहपुर तक छठव्रतियों के वाहनों को अनुमति दी गई है। वहीं, गायघाट से अशोक राजपथ आने वाले सामान्य वाहनों को गांधी चौक से बारी पथ की तरफ मोड़ दिया जाएगा। दीघा मोड़ से आशियाना मोड़ की दिशा में भी 15 नवंबर को दोपहर 2 बजे से शाम 6:30 बजे तक और 16 नवंबर को सुबह 3 बजे से 6 बजे तक उत्तर से दक्षिण जाने वाले वाहनों पर पाबंदी रहेगी। ऐसे वाहनों को रामजीचक मोड़ से नहर रोड होकर बेली रोड की तरफ भेजा जाएगा।

छठ के दौरान शहर में निर्माण कार्य से जुड़े वाहनों और बड़े मालवाहक वाहनों पर भी विशेष पाबंदी लागू रहेगी। निर्माण कार्य के वाहन 15 नवंबर सुबह 10 बजे से 16 नवंबर दोपहर 12 बजे तक प्रतिबंधित रहेंगे, जबकि बड़े मालवाहक वाहनों का परिचालन 15 नवंबर सुबह 10 बजे से 16 नवंबर सुबह 10 बजे तक बंद रहेगा। जेपी सेतु पर भी 15 नवंबर दोपहर 2 बजे से शाम 7:30 बजे और 16 नवंबर सुबह 3 बजे से 6 बजे तक सोनपुर और छपरा की तरफ से पटना आने वाले वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। दानापुर और खगौल की तरफ जाने वाली नगर बसें कारगिल चौक के बजाय गांधी मैदान के गेट नंबर 10 अथवा जीपीओ मल्टीमॉडल हब पर रुकेंगी।

दीघा और आसपास के घाटों पर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। सूर्य मंदिर चौहट्टा और दीघा पोस्ट ऑफिस रोड से आने वाले वाहन सूर्य मंदिर के आसपास निर्धारित खाली स्थानों तथा पाटीपुल अंडरपास के निकट रेलवे ब्रिज के नीचे पार्क होंगे। गेट 93 घाट जाने वाले वाहन निर्धारित प्रवेश और निकास मार्ग से गंगा पथ के दोनों ओर पार्किंग स्थलों तक पहुंचेंगे। गेट 88 और 83 घाट के लिए अशोक राजपथ से गंगा पथ अंडरपास का इस्तेमाल किया जाएगा। पाटीपुल, दीघा, शिवा और मीनार घाट जाने वाले श्रद्धालु पाटली पथ तथा रामजीचक आरओबी के निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करेंगे। कुर्जी घाट जाने वाले वाहन कुर्जी मोड़ से जेपी गंगा पथ अंडरपास होकर उत्तर दिशा में पार्क होंगे। वहीं पहलवान और बांस घाट के लिए अशोक राजपथ से निर्धारित अंडरपास के रास्ते पहुंचने की व्यवस्था की गई है।

कलेक्ट्रेट और महेंद्रू घाट जाने वाले श्रद्धालुओं को गांधी मैदान में वाहन पार्क कर आगे पैदल जाना होगा। पटना कॉलेज घाट के लिए खजांची रोड से प्रवेश कर कॉलेज मैदान में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। एनी बेसेंट रोड, रमना रोड और कुनकुन सिंह लेन से आने वाले श्रद्धालु साइंस कॉलेज परिसर में अपने वाहन खड़े कर सकेंगे। दूसरी ओर जेपी गंगा पथ पर दीघा गोलंबर से दीदारगंज तक दोनों फ्लैंक में वाहनों का परिचालन और पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी। दीघा गोलंबर पर यू-टर्न की अनुमति नहीं होगी। दीघा से लौटने वाले वाहन एलसीटी अंडरपास से बाहर निकलेंगे। अटल पथ से जेपी सेतु और सोनपुर की तरफ सामान्य वाहनों का परिचालन 15 नवंबर सुबह 11 बजे से रात 8 बजे तक और 16 नवंबर सुबह 2 बजे से 9 बजे तक बंद रहेगा। जरूरत पड़ने पर अटल पथ की सिंगल लेन में घाट जाने वाले वाहनों की पार्किंग कराई जा सकेगी। रामजीचक आरओबी के ऊपर केवल छठव्रतियों के वाहन पार्क होंगे।

पटना सिटी और गायघाट की तरफ जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी प्रशासन ने विशेष इंतज़ाम किए हैं। कंगन घाट और चौक थाना मोड़ जाने वाले वाहन सिटी स्कूल परिसर तथा मंगल तालाब में पार्क होंगे। गायघाट पहुंचने के लिए पुरानी बाईपास और न्यू बाईपास से धनकी मोड़, शीतला माता मंदिर अथवा बिस्कोमान गोलंबर के रास्ते निर्धारित पार्किंग स्थलों तक जाना होगा। यहां जेपी गंगा पथ का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। चौक शिकारपुर आरओबी से पूरब मोर्चा रोड और पूरब दरवाजा जाने वाले वाहनों के लिए गुरु गोविंद सिंह आरओबी के नीचे और पटना साहिब स्टेशन के समीप पार्किंग तय की गई है। दीदारगंज जाने वाले श्रद्धालु कटरा बाजार समिति में वाहन खड़े करेंगे। वहीं मारूफगंज, मंसूरगंज, करमलीचक, जल्ला और मालसलामी के श्रद्धालुओं के लिए अदराघाट, नूरुद्दीन घाट, नंदगोला घाट, पानी टंकी घाट और नया टोला घाट के रास्ते में निर्धारित पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।

व्यावसायिक वाहनों के लिए भी अलग यातायात योजना बनाई गई है। 15 नवंबर सुबह 10 बजे से 16 नवंबर सुबह 10 बजे तक बाढ़ और मोकामा की तरफ से आने वाले ट्रकों को फतुहा ओवरब्रिज से दो किलोमीटर पश्चिम यू-टर्न लेकर एनएच-30 और बिहटा-सरमेरा मार्ग से भेजा जाएगा। बिहटा की ओर से आने वाले ट्रक कन्हौली मोड़ होकर इसी मार्ग से न्यू बाईपास पहुंचेंगे। गायघाट पुल के नीचे टेंपो और व्यावसायिक वाहनों का परिचालन 15 नवंबर दोपहर 12 बजे से 16 नवंबर सुबह 10 बजे तक प्रतिबंधित रहेगा। अगमकुआं आरओबी से आने वाले व्यावसायिक वाहन एनएमसीएच तक और धनकी मोड़-बिस्कोमान की तरफ से आने वाले वाहन डंका इमली चौक तक ही जा सकेंगे। ऐसे में श्रद्धालुओं से अपील है कि घर से निकलने से पहले निर्धारित रूट और पार्किंग की जानकारी अवश्य हासिल कर लें, ताकि आस्था के इस महापर्व में सफ़र सुरक्षित, सुगम और परेशानी से मुक्त रहे।ब्यूरो रिपोर्ट