Bihar News: ट्रांसफॉर्मर वर्कशॉप में भीषण अग्निकांड, ऊंची उठती लपटें देख भागने लगे लोग, एक करोड़ से अधिक का हुआ नुकसान

Bihar News: किशनगंज के पश्चिमपाली कॉलेज रोड पर बुधवार को बिजली विभाग के ट्रांसफॉर्मर रिपेयरिंग वर्कशॉप में लगी भीषण आग ने न केवल सरकारी संपत्ति को ख़ाक किया, बल्कि शहर की अग्निशमन व्यवस्था और सुरक्षा इंतज़ामों की हक़ीक़त भी उजागर कर दी।

Bihar News: ट्रांसफॉर्मर वर्कशॉप में भीषण अग्निकांड, ऊंची उठ
ट्रांसफॉर्मर वर्कशॉप में भीषण अग्निकांड- फोटो : social Media

Bihar News: किशनगंज के पश्चिमपाली कॉलेज रोड पर बुधवार को बिजली विभाग के ट्रांसफॉर्मर रिपेयरिंग वर्कशॉप में लगी भीषण आग ने न केवल सरकारी संपत्ति को खाक किया, बल्कि शहर की अग्निशमन व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों की हक़ीकत भी उजागर कर दी। आग की लपटें इतनी भयावह थीं कि प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वे 50 से 100 फीट तक आसमान की तरफ उठ रही थीं। धुएं का गुबार दूर-दराज के इलाकों से भी दिखाई दे रहा था। इस हादसे में 50 से अधिक ट्रांसफॉर्मर जलकर क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि बिजली विभाग ने शुरुआती तौर पर करीब एक करोड़ रुपये की आर्थिक क्षति का अनुमान लगाया है।

इस अग्निकांड की सबसे ख़ौफनाक तस्वीर घटनास्थल की भौगोलिक स्थिति थी। वर्कशॉप के ठीक बगल में पेट्रोल पंप और महज एक दीवार के पार नया पावर हाउस मौजूद था। ऐसे में आग की जरा सी भी बेकाबू बढ़त किसी बड़े हादसे में तब्दील हो सकती थी। प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, आग के दौरान लगातार धमाके हो रहे थे और लपटों की ऊंचाई देखकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई थी।

बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता ने प्रारंभिक जानकारी के हवाले से बताया कि बिजली के तार पर चिड़िया बैठने से स्पार्क हुआ, जिससे नीचे सूखी घास में आग लगी और देखते ही देखते लपटें वर्कशॉप तक पहुंच गईं। परिसर में करीब 50 ट्रांसफॉर्मर ऑयल के ड्रम रखे थे। प्रत्येक ड्रम में 210 लीटर तेल होने के कारण वहां लगभग 10,500 लीटर तेल मौजूद था। आग की चपेट में आने के बाद ड्रमों में भी आग लग गई और करीब दो घंटे तक रुक-रुककर धमाके होते रहे।

स्थानीय लोगों ने दमकल की गाड़ियों के देर से पहुंचने और पानी का पर्याप्त दबाव नहीं होने पर सवाल उठाए। बताया गया कि पहली गाड़ी करीब आधे घंटे बाद पहुंची, लेकिन आग बुझाने में नाकाम रही। बड़ी गाड़ियों के पहुंचने के बावजूद मशक्कत करनी पड़ी। प्रशासन और पुलिस ने इलाके की सड़कों पर आवाजाही रोककर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। एसडीएम अनिकेत कुमार के मुताबिक, करीब साढ़े तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

एहतियातन दोपहर 12:15 बजे बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई, जिसे सुरक्षा जांच के बाद शाम पांच बजे तक बहाल किया गया। इस दौरान कई इलाकों में लगभग पांच घंटे बिजली गुल रही। अब सवाल महज़ एक करोड़ के नुकसान का नहीं, बल्कि यह है कि पेट्रोल पंप और पावर हाउस जैसे संवेदनशील प्रतिष्ठानों के बीच संचालित वर्कशॉप में अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतज़ाम क्यों नहीं थे? इस घटना ने अग्निशमन संसाधनों की उपलब्धता, त्वरित कार्रवाई और शहरी सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा को बेहद ज़रूरी बना दिया है।