पटना में 'शराब फैक्ट्री' का भंडाफोड़: टोटो से शुरू हुई जांच और बराटपुर के मकान में मिला स्प्रिट का जखीरा, मकान सील
पटना के दीदारगंज में एक टोटो की तलाशी ने अवैध शराब फैक्ट्री का राज खोल दिया। बराटपुर के एक मकान में चल रही इस फैक्ट्री से स्प्रिट और पैकेजिंग मशीन बरामद की गई है।
Patna - बिहार में पूर्ण शराबबंदी को प्रभावी बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग को आज एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर विभाग की टीम ने दीदारगंज थाना क्षेत्र के बराटपुर (वार्ड नंबर 4) स्थित एक मकान में छापेमारी कर अवैध शराब बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में स्प्रिट और शराब बनाने के उपकरण बरामद किए हैं, जिसके बाद उक्त मकान को सील कर दिया गया है।
मामले का खुलासा एक टोटो (ई-रिक्शा) की जांच के दौरान हुआ। असिस्टेंट कमिश्नर प्रेम प्रकाश ने बताया कि विभाग को सूचना मिली थी कि एक टोटो से शराब की खेप ले जाई जा रही है। टीम ने जब टोटो (नंबर- BR01RC0213) को रोककर तलाशी ली, तो उसमें से शराब की बड़ी संख्या में खाली बोतलें बरामद हुईं। टोटो चालक से कड़ाई से पूछताछ और जांच का दायरा बढ़ाने पर पुलिस बराटपुर स्थित उस मकान तक पहुँची, जहाँ अवैध शराब का निर्माण किया जा रहा था।
मकान की तलाशी के दौरान अधिकारियों के होश उड़ गए। वहां से 40 लीटर स्प्रिट, पैकेजिंग मशीन, कारमेल रंग (शराब में रंग देने वाला पदार्थ) और 335 खाली बोतलें बरामद की गईं। हालांकि, छापेमारी की भनक लगते ही धंधेबाज मौके से फरार होने में सफल रहे, जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व निरीक्षक विजय कुमार, निशा कुमारी और नेहा कुमारी की टीम ने किया।
उत्पाद विभाग की इस कार्रवाई से इलाके के शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का कहना है कि होली के त्योहार को देखते हुए अवैध शराब के निर्माण और तस्करी की संभावना बढ़ जाती है, जिसे रोकने के लिए विभाग लगातार सतर्क है। जप्त किए गए टोटो और मकान के मालिक के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
Report - Rajnish