Arrah bike overtake: आरा में बाइक ओवरटेक विवाद पर गोलीबारी! युवक गंभीर रूप से घायल
Arrah bike overtake: भोजपुर जिले के चरपोखरी थाना क्षेत्र में बाइक ओवरटेक विवाद के बाद युवक को गोली मारी गई। चंदन कुमार गंभीर रूप से घायल, पुलिस जांच में जुटी।
Arrah bike overtake: आरा (भोजपुर) जिले के चरपोखरी थाना क्षेत्र में बाइक ओवरटेक को लेकर हुए विवाद में अपराधियों ने एक युवक को गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से पूरे इलाके में दहशत और सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, घटना सेमराव गांव के समीप हुई। घायल युवक की पहचान चंदन कुमार (पिता- जय गोपाल सिंह), निवासी ग्राम कनई, थाना चरपोखरी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि चंदन कुमार बाइक से अपने घर जा रहा था, तभी रास्ते में मोटरसाइकिल ओवरटेक करने को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि अपराधियों ने उसे गोली मार दी और मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना पुलिस को दी
स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल चंदन कुमार को इलाज के लिए तुरंत आरा के आर.के. सदर अस्पताल भेजा गया। घटना की सूचना मिलने पर उसके भाई सतनारायण कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि उन्हें स्थानीय लोगों द्वारा फोन पर घटना की जानकारी दी गई थी। जब तक वे घटनास्थल पर पहुंचे, तब तक चंदन को अस्पताल ले जाया जा चुका था। घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने चरपोखरी थाना पुलिस को भी दी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही अपराधी फरार हो चुके थे। फिलहाल चरपोखरी थाना पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी हुई है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। इस घटना के बाद इलाके में भय का माहौल बना हुआ है और लोग कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता जता रहे हैं।
रिपोर्टर आशीष कुमार भोजपुर आरा