पटना सिटी में बेखौफ अपराधी! किन्नरों के झगड़े में निर्दोष युवती को मारी गोली, पुलिस के इकबाल पर फिर उठे सवाल

पटना सिटी के शिक्षक कॉलोनी में किन्नरों के आपसी विवाद में एक युवती को गोली मार दी गई। घायल युवती अपनी बहन को बचाने के प्रयास में अपराधियों का शिकार बनी, फिलहाल पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी है।

Patna - राजधानी पटना में अपराधियों का मनोबल एक बार फिर बढ़ता नजर आ रहा है। ताज़ा मामला बाईपास थाना क्षेत्र की शिक्षक कॉलोनी का है, जहाँ मंगलवार को किन्नरों के बीच चल रहे आपसी विवाद के दौरान अपराधियों ने काजल कुमारी नामक युवती को गोली मार दी। घायल काजल, संतोष दुबे की पुत्री बताई जा रही है।

घटना के संबंध में बताया जाता है कि दो युवक काजल की बड़ी बहन को निशाना बनाने के इरादे से आए थे, जिनका किन्नरों के साथ कोई पुराना विवाद चल रहा था। जब अपराधियों ने हमला किया, तो काजल अपनी बहन को बचाने के लिए बीच में आ गई और गोली उसके हाथ में लग गई। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों हमलावर मौके से फरार होने में सफल रहे।

घायल युवती को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने सफल ऑपरेशन कर उसके हाथ से गोली निकाल दी है। फिलहाल उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। पीड़ित पक्ष का कहना है कि वे हमलावरों को पहचानते नहीं हैं और गोली चलाने के पीछे की मुख्य वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।

स्थानीय पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस अपराधियों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी का दावा कर रही है। इस घटना के बाद शिक्षक कॉलोनी और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश व्याप्त है।

Report - Rajnish