Patna City News: दीदारगंज में चर्चित राइडर गुलशन कुमार की गोली मारकर हत्या, शुकुलपुर फोर लेन पर शव रखकर प्रदर्शन और आगजनी

पटनासिटी के दीदारगंज थाना क्षेत्र के गुलमहियाबाग में अपराधियों ने चर्चित राइडर गुलशन कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने शुकुलपुर फोर लेन पर शव रखकर जाम और आगजनी की।

राइडर गुलशन कुमार की गोली मारकर हत्या, शुकुलपुर फोर लेन पर शव रखकर प्रदर्शन और आगजनी- फोटो : Reporter

राजधानी के पटनासिटी इलाके से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहाँ अपराधियों ने एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के तुरंत बाद परिजनों और स्थानीय लोगों द्वारा घायल युवक को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल व्याप्त है।


दीदारगंज थाना क्षेत्र के गुलमहियाबाग की घटना, मृतक की हुई पहचान

यह खौफनाक वारदात पटनासिटी के दीदारगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत गुलमहियाबाग इलाके की बताई जा रही है। मृत युवक की पहचान सुकुलपुर निवासी गुलशन कुमार (पिता - अनिल सिंह) के रूप में हुई है। हालांकि, इस हत्या के पीछे की असली वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है, और पुलिस का मानना है कि अपराधियों की गिरफ्तारी के बाद ही मामले का पूरी तरह खुलासा हो सकेगा।


सिर में मारी गई दो गोलियां, शुकुलपुर फोर लेन पर शव रखकर सड़क जाम और आगजनी

घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने दीदारगंज थाना क्षेत्र के शुकुलपुर फोर लेन पर मृतक का शव रखकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क को जाम कर दिया और जमकर आगजनी भी की। शुरुआती जानकारी के अनुसार, अपराधियों ने मृतक गुलशन कुमार के सिर में दो गोलियां मारी थीं, जिससे उसकी मौके पर ही स्थिति बेहद गंभीर हो गई थी।


चर्चित राइडर रह चुका था मृतक गुलशन कुमार, पहले भी आ चुका है चर्चा में

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, हत्या का शिकार हुआ युवक गुलशन कुमार एक चर्चित राइडर रह चुका है, जो कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पर स्टंट और राइडिंग किया करता था। चर्चा यह भी है कि कुछ समय पहले ट्रैफिक पुलिस द्वारा राइडर गुलशन के एक वायरल वीडियो के आधार पर उसका भारी चालान भी काटा गया था। फिलहाल पुलिस इन सभी एंगल से भी अपनी तफ्तीश आगे बढ़ा रही है।


पुलिस की तल्ख कार्रवाई और छापेमारी जारी

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने और आक्रोशित लोगों को समझाने-बुझाने में जुट गई है। पुलिस इस मामले की गुत्थी सुलझाने, सड़क जाम खुलवाने तथा फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। इस मामले में पुलिस के आधिकारिक बयानों और रिपोर्ट का इंतजार है।

पटनासिटी से रजनीश की रिपोर्ट