पटना में बेखौफ अपराधी: कैब ड्राइवर को थार से किया अगवा, बंधक बनाकर पीटा और वीडियो किया वायरल

पटना के गर्दनीबाग में कैब ड्राइवर को अगवा कर कुम्हरार में बंधक बनाया गया। शराब के नशे में अपराधियों ने जमकर मारपीट की और वीडियो वायरल किया। पुलिस पर लापरवाही के आरोप।

Patna - : बिहार की राजधानी पटना में कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए अपराधियों ने एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया है। बुकिंग के बहाने एक कैब ड्राइवर का अपहरण कर उसे बंधक बनाया गया और शराब के नशे में धुत अपराधियों ने उसके साथ बर्बरतापूर्वक मारपीट की। इस पूरी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। हालांकि, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

गनपॉइंट पर अपहरण और कुम्हरार में बंधक

घटना की शुरुआत गर्दनीबाग इलाके से हुई, जहाँ अपराधियों ने कैब बुकिंग के बहाने ड्राइवर को बुलाया। पहले से घात लगाए अपराधी काले रंग की थार गाड़ी से आए थे। उन्होंने हथियार के बल पर ड्राइवर को अगवा किया और उसे अगमकुआं थाना क्षेत्र के कुम्हरार ले गए। वहां एक बंद कमरे में 4 से 5 की संख्या में मौजूद अपराधियों ने शराब के नशे में धुत होकर ड्राइवर के साथ जानलेवा मारपीट की और इसका वीडियो भी बनाया।

पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल

पीड़ित की मां का आरोप है कि घटना के दौरान उनके बेटे ने किसी तरह मोबाइल से कॉल कर उन्हें पूरी जानकारी दी थी। आनन-फानन में इसकी सूचना कंकरबाग थाना पुलिस को दी गई, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने शुरुआती तौर पर कोई ठोस एक्शन नहीं लिया। पुलिस की इसी सुस्ती के कारण अपराधी घंटों तक ड्राइवर के साथ दरिंदगी करते रहे।

बेहोशी की हालत में मिला पीड़ित, दो गिरफ्तार

काफी खोजबीन के बाद, पीड़ित कैब चालक रात करीब 10 बजे राजेंद्र नगर टर्मिनल के पास बेहोशी की हालत में मिला। परिजनों ने उसे तत्काल सदर अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद गर्दनीबाग थाना में मामला दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने छापेमारी की और घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़ित ने शिनाख्त करते हुए बताया कि कुल 4 से 5 लोगों ने उसे बंधक बनाकर पीटा था। गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

Report - anil kumar