Patna Crime News:पत्नी की दूसरी शादी से नाराज पूर्व पति ने पूरे ससुराल को जिंदा जलाया, 5 झुलसे,CCTV खोला राज

पटना में एक तलाकशुदा पति ने दिनदहाड़े खौफनाक वारदात को अंजाम दियाा है। इस शख्स ने अपनी पहली पत्नी के घर में घुसकर पत्नी, बच्चा, सास और ससुर को जिंदा ही आग के हवाले कर दिया है। इस घटना में आरोपी पति खुद भी झुलस गया है।

पत्नी की दूसरी शादी से नाराज पूर्व पति ने पूरे ससुराल को जिंदा जलाया- फोटो : news 4 nation

बिहार की राजधानी पटना के चौक थाना क्षेत्र अंतर्गत श्याम मंदिर राजाराम गली से आज सुबह एक ऐसी खौफनाक वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। एक सिरफिरे पूर्व पति ने अपनी पहली पत्नी की दूसरी शादी से बौखलाकर और बदला लेने की नीयत से उसके पूरे नए ससुराल परिवार को जिंदा जलाने की कोशिश की। इस अचानक हुए जानलेवा हमले में महिला, उसके सास-ससुर और दो मासूम बच्चों समेत कुल पांच लोग आग की लपटों में आकर बुरी तरह झुलस गए हैं। इस खौफनाक साजिश को अंजाम देने के बाद इलाके में भारी तनाव का माहौल है।


दूसरी शादी से नाराज था पहला पति, रंजिश में रची खौफनाक साजिश

पूरा मामला आपसी खुन्नस और रंजिश से जुड़ा हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार, मोनी कुमारी नामक महिला की दूसरी शादी इसी साल अप्रैल 2026 में गोविंद कुमार नाम के युवक से हुई थी। मोनी का पहला पति कन्हाई कुमार इस शादी से बेहद नाराज था और लगातार बदले की आग में जल रहा था। इसी खुन्नस को निकालने के लिए कन्हाई ने आज सुबह करीब 10:30 बजे बेहद सुनियोजित तरीके से इस खौफनाक साजिश को अंजाम दे डाला, जिसके कारण आज पूरा हंसता-खेलता परिवार अस्पताल के बेड पर जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा है।

दुकान से ज्वलनशील पदार्थ खरीदकर सीधे ससुराल में घुसा आरोपी

वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपी कन्हाई कुमार पहले से पूरी तैयारी करके आया था। बताया जा रहा है कि वह कंगन घाट स्थित एक दुकान से ज्वलनशील केमिकल (पदार्थ) खरीदकर लाया और सीधे श्याम मंदिर राजाराम गली स्थित मोनी के नए ससुराल के घर में घुस गया। वहां पहुंचते ही उसने बिना कुछ सोचे-समझे और बिना कोई मौका दिए मोनी, उसके नए सास-ससुर और घर में मौजूद दो मासूम बेटों पर अंधाधुंध ज्वलनशील पदार्थ छिड़क दिया और माचिस मारकर पूरे घर को आग के हवाले कर दिया।


फायर ब्रिगेड ने पाया आग पर काबू, चौक थाना प्रभारी ने दिखाई तत्परता

घर में अचानक आग लगने से चारों तरफ चीख-पुकार मच गई और आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पीड़ितों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और दमकल कर्मियों ने भारी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाकर इसे फैलने से रोका। इसी दौरान चौक थाना प्रभारी ने मुस्तैदी और मानवता की मिसाल पेश करते हुए बिना एक पल गंवाए गंभीर रूप से झुलसे घायलों को खुद अपनी गोद में उठाकर पुलिस की गाड़ी तक पहुंचाया और तुरंत अस्पताल के लिए रवाना किया।


वारदात को अंजाम देने के दौरान खुद भी झुलसा आरोपी, NMCH में इलाज जारी

इस भयानक वारदात को अंजाम देने के फेर में आरोपी कन्हाई कुमार खुद को आग की लपटों से नहीं बचा सका और वह भी इस आग की चपेट में आकर झुलस गया। पुलिस प्रशासन की मदद से सभी घायलों, जिनमें मोनी कुमारी, उनके दो बच्चे, सास-ससुर और खुद आरोपी पूर्व पति कन्हाई शामिल हैं, को तत्काल इलाज के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (NMCH) में भर्ती कराया गया है। फिलहाल अस्पताल के डॉक्टरों की विशेष देखरेख में सभी का आपातकालीन इलाज जारी है।

पुलिस की स्पेशल टीम जांच में जुटी, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे अधिकारी

इस पूरी घटना पर पटना सिटी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) द्वितीय डॉ. गौरव कुमार ने आधिकारिक जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस मामले की गहन छानबीन कर रही है। फॉरेंसिक और एक्सपर्ट्स की स्पेशल टीम घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने में लग गई है। आरोपी के मूवमेंट की कड़ियों को जोड़ने के लिए इलाके के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इसके साथ ही पुलिस अस्पताल में घायलों के बयान दर्ज कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि कंगन घाट की किस दुकान से आरोपी ने यह खतरनाक केमिकल खरीदा था।

रिपोर्ट - रजनीश कुमार