ट्रैक्टर और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में दो युवकों की मौके पर ही मौत, गांव में मातम

Bihar Road Accident : नवादा में रफ्तार ने आज फिर दो युवक की जान ले ली। तेज रफ्तार ट्रैक्टर और बाइक की आमने-सामने हुई टक्कर में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके मे मातम पसरा हुआ है...

ट्रैक्टर और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में दो युवकों की मौक
ट्रैक्टर और बाइक की आमने-सामने टक्कर में 2 युवक की मौत- फोटो : अमन सिन्हा

Nawada : जिले के सीतामढ़ी थाना क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो बाइक सवार युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। यह भीषण दुर्घटना अकबरपुर-सीतामढ़ी स्टेट हाईवे (SH-103) पर बेलवान गांव के समीप हुई। रफ्तार का कहर इस कदर बरपा कि ट्रैक्टर और मोटरसाइकिल के बीच हुई आमने-सामने की भिड़ंत के बाद अनियंत्रित ट्रैक्टर सड़क किनारे खेत में जाकर पलट गया, जबकि बाइक के परखच्चे उड़ गए।


मृतकों की हुई पहचान

इस हादसे में जान गंवाने वाले दोनों युवकों की शिनाख्त सीतामढ़ी थाना क्षेत्र के नीमा मुडहेता गांव निवासी 30 वर्षीय रंजीत कुमार और 35 वर्षीय समरेश यादव के रूप में की गई है। घटना के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


हिसुआ बाजार से लौट रहे थे घर

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, रंजीत और समरेश बुधवार को किसी काम से हिसुआ बाजार गए हुए थे। दोनों युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर वापस अपने गांव नीमा मुडहेता लौट रहे थे। इसी दौरान जैसे ही वे बेलवान गांव के पास पहुंचे, सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।


मौके पर पहुंची आपातकालीन पुलिस टीम

सड़क दुर्घटना की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर दौड़े। घटना की सूचना मिलते ही सीतामढ़ी थाना की आपातकालीन डायल 112 की पुलिस टीम त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल पर पहुंची। इस टीम में चालक पप्पू कुमार, सब-इंस्पेक्टर (SI) मोती लाल और सिपाही सुनील कुमार शामिल थे। बाद में सीतामढ़ी थाना अध्यक्ष ने भी दलबल के साथ पहुंचकर मामले की कमान संभाली।


शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, ग्रामीणों में आक्रोश

पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को अपने कब्जे में लेकर वैधानिक प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल नवादा भेज दिया है। इधर, स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासनिक उदासीनता पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया है। लोगों का कहना है कि बेलवान गांव के पास एसएच-103 पर आए दिन जानलेवा दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन बार-बार की मांग के बावजूद प्रशासन द्वारा गति नियंत्रक (स्पीड ब्रेकर) या सुरक्षा के कोई ठोस उपाय नहीं किए गए हैं।


अमन सिन्हा की रिपोर्ट