पटना पुलिस का डबल एक्शन: यूपी और वैशाली से आई शराब की खेप पकड़ी, ट्रक से ठेले पर लोड करते धंधेबाज दबोचे

Patna Excise department: पटना के कदमकुआं (चूड़ी मार्केट) में यूपी से आई शराब की खेप उतारते 4 धंधेबाज गिरफ्तार। वहीं, जेपी गंगा पथ पर गांधी मैदान पुलिस ने कार से 220 लीटर शराब के साथ एक तस्कर को दबोचा।

पटना पुलिस का डबल एक्शन: यूपी और वैशाली से आई शराब की खेप पकड़ी- फोटो : Reporter

पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र स्थित चूड़ी मार्केट के जनक किशोर रोड में उत्पाद विभाग की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। यहाँ गुप्त सूचना के आधार पर तड़के छापेमारी कर पुलिस ने एक ट्रक से अवैध शराब की खेप उतारकर ठेले पर लोड कर रहे चार धंधेबाजों को रंगे हाथों दबोच लिया। इस पूरी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से एक ट्रक समेत करीब 2.80 लाख रुपये मूल्य की अवैध शराब जब्त करने में सफलता हासिल की है।


यूपी से आई थी खेप, डिलीवरी के वक्त दबोचे गए आरोपी

उत्पाद विभाग की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि जब्त की गई शराब की यह बड़ी खेप उत्तर प्रदेश (UP) से तस्करी कर पटना लाई गई थी। तस्कर ट्रक को सड़क किनारे खड़ा कर दो ठेलों पर शराब के कार्टन लोड कर रहे थे, ताकि उसे शहर के अलग-अलग इलाकों में आसानी से खपाया जा सके। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ट्रक चालक रवींद्र कुमार, शराब मंगवाने वाले मुख्य सरगना विक्की कुमार और दो ठेला चालकों—अजित कुमार व रमाशंकर कुमार के रूप में हुई है।


जेपी गंगा पथ पर भी पुलिस का एक्शन; कार से 220 लीटर शराब जब्त

शराब माफियाओं के खिलाफ दूसरा बड़ा एक्शन गांधी मैदान थाना क्षेत्र के जेपी गंगा पथ (मरीन ड्राइव) पर देखने को मिला। यहाँ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे नियमित वाहन चेकिंग अभियान के दौरान एक संदिग्ध मारुति कार को रोका गया। कार की तलाशी लेने पर उसके अंदर से करीब 220 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की गई। बाजार में जब्त की गई इस शराब की अनुमानित कीमत करीब 70 हजार रुपये आंकी जा रही है।


वैशाली से लाई जा रही थी खेप, तस्कर कार चालक गिरफ्तार

कार से शराब तस्करी के इस मामले में पुलिस ने मौके से चालक शिवम कुमार को गिरफ्तार किया है, जो मूल रूप से छपरा का रहने वाला है। पूछताछ में आरोपी ने कुबूल किया है कि वह शराब की यह खेप वैशाली जिले से लेकर आ रहा था और इसे पटना में सप्लाई किया जाना था। पुलिस ने शराब के साथ-साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मारुति कार को भी जब्त कर लिया है और दोनों मामलों में मद्यनिषेध कानून के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

रिपोर्ट - रंजीत कुमार