Patna Crime: पटना में मरीन ड्राइव के पास बुलेट सवार से आईफोन झपटा, CCTV खंगाल रही पुलिस

पटना के गांधी मैदान थाना क्षेत्र में सोमवार को दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने बुलेट सवार से आईफोन झपट लिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने FIR दर्ज कर CCTV फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

पटना में मरीन ड्राइव के पास बुलेट सवार से आईफोन झपटा- फोटो : Reporter

राजधानी पटना में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं, जिससे आम लोगों में दहशत का माहौल है। ताजा मामला गांधी मैदान थाना क्षेत्र का है, जहाँ सोमवार की सुबह दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने एक व्यक्ति को अपना शिकार बनाया। बेखौफ अपराधियों ने पीड़ित की शर्ट की जेब से उनका महंगा आईफोन झपट लिया और तेजी से फरार हो गए।


मरीन ड्राइव के पास ऑफिस जाते समय घटना को दिया अंजाम

पीड़ित राजीव कुमार पाण्डेय (निवासी जमालुद्दीनचक, खगौल) ने बताया कि वे 4 अगस्त की सुबह लगभग 10:10 बजे अपनी बुलेट मोटरसाइकिल से मरीन ड्राइव होते हुए कार्यालय जा रहे थे। जैसे ही वे आयुक्त कार्यालय के मोड़ से कुछ पहले पहुँचे, पीछे से आए दो अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने अचानक उनकी शर्ट की जेब पर झपट्टा मारा और आईफोन छीनकर तेज रफ्तार में रफूचक्कर हो गए।


पीड़ित ने तुरंत बंद कराया सिम, थाने में मामला दर्ज

स्नैचिंग की इस वारदात के तुरंत बाद पीड़ित ने समझदारी दिखाते हुए सबसे पहले अपने मोबाइल में लगे सिम कार्ड को बंद कराया, ताकि इसका दुरुपयोग न हो सके। इसके बाद उन्होंने सीधे गांधी मैदान थाना पहुँचकर घटना की लिखित जानकारी दी। पुलिस ने पीड़ित के आवेदन के आधार पर तुरंत प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


पुलिस की कार्रवाई: सीसीटीवी फुटेज से बदमाशों की तलाश जारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए गांधी मैदान थाना पुलिस एक्शन में आ गई है। पुलिस की टीम घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर बाइक सवार अपराधियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार करने के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

पटना से रंजीत की रिपोर्ट